शहर की सड़कों पर बरात और ट्रैफिक अब बिना रुकावट के साथ-साथ चलेंगे। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने म्यूजिक सिस्टम, बैंड-बाजा और बरात घर संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में सभी ने नियमों का पालन करने पर सहमति जताई।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यातायात पुलिस लाइन के सभागार में बताया कि शादी का सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है, जिसमें शहर से लेकर कस्बाई इलाकों तक बरातें निकलेंगी।
उन्होंने बताया कि सड़क पर जाम लगने से आम जनता को परेशानी होती है और यह संभव नहीं है कि हर बरात के साथ पुलिसकर्मी ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए मौजूद रहें। इसलिए बैंड-बाजा संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे सड़क का केवल 33 प्रतिशत हिस्सा कवर करें, ताकि शेष हिस्से पर ट्रैफिक बिना बाधा के चल सके।


