पुलवामा में अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई, एलएनटी मशीन समेत चार वाहन जब्त
अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत पुलिस ने पुलवामा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान एक एलएनटी मशीन और तीन डंपरों समेत कुल चार वाहनों को जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस थाना लितर की टीम द्वारा रामबियारा–लस्सीपोरा–लितर क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान की गई। जांच के दौरान उक्त एलएनटी मशीन और तीनों डंपर अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन में संलिप्त पाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि कानून के प्रावधानों के तहत सभी वाहनों और मशीनरी को मौके पर ही जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना लितर में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, जिले के विभिन्न इलाकों के स्थानीय निवासियों का कहना है कि देर रात, जब अधिकांश लोग सो रहे होते हैं, उस समय डंपर, टिपर और ट्रैक्टरों की आवाजाही अचानक बढ़ जाती है, जिससे अवैध खनन गतिविधियों की आशंका और भी गहराती है।


