कप्तानगंज थाना की पुलिस ने मुठभेड़ में जहरखुरानी-नकबजनी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ है, जबकि भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने दौड़ा कर दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अमन निषाद निवासी डीह शम्भूपुर, आनंद उर्फ बाबी, निवासी डाही शम्भूपुर थाना अहरौला, और अमन निषाद निवासी अलौवा, थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि कप्तानगंज थाना की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जहरखुरानी, झपट्टामारी एवं नकबजनी की घटनाओं में शामिल कुछ लोग गौरा पुलिया के पास मौजूद है, किसी बड़ी घटना के अंजाम देने की तैयारी में है।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के बचाव व जवाबी कार्रवाई में एक गोली अमन निषाद के दाहिने पैर में लग गई, गोली लगते ही अन्य साथी भागने लगे।
पुलिस टीम ने दौड़ाकर दो बदमाश आनंद उर्फ बाबी और अमन निषाद को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में कामयाब रहे। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से 12 बोर का कट्टा, कारतूस, पेचकस, हथौड़ी, पिलास सहित अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार बदमाश अमन निषाद पर जनपद के कई थानों में एक दर्जन से भी अधिक आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं आनंद उर्फ बाबी पर आजमगढ़ और अंबेडकर नगर में चार मामले दर्ज है। जबकि अमन पर तीन मामले दर्ज हैं। वहीं फरार बदमाशों के गिरफ्तारी को पुलिस टीम दबिश दे रही है।


