गोरखपुर
रेलवे बोर्ड ने नई गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत की समय सारिणी और ठहराव जारी कर दी है। बोर्ड ने बगहा में भी ट्रेन का ठहराव प्रदान कर दिया है। केसरिया रंग की सेमी हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। शनिवार को नहीं चलेगी। इस दिन गोरखपुर जंक्शन यार्ड स्थित कोचिंग डिपो में मरम्मत कार्य होगा।
रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को गोरखपुर से सुबह 06:20 बजे रवाना होगी। कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और मुजफ्फरपुर होते हुए यह ट्रेन पाटलिपुत्र पहुंचने में 07:10 घंटे का समय लेगी। पाटलिपुत्र से गोरखपुर वापस आने में भी 07:10 घंटे का समय लगेगा।
आठ कोच वाली वंदे भारत की रेक गोरखपुर से पाटलिपुत्र पहुंच गई है। वंदे भारत की रेक में एक एग्जीक्यूटिव व सात सामान्य चेयरकार लगी है। 20 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई वंदे भारत ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे।
जानकारों का कहना है कि सिवान स्टेशन से तीन किमी दूर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लगा है। प्रधानमंत्री कार्यक्रम से ही बिहार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के साथ वंदे भारत ट्रेन का भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे।
उद्घाटन के बाद वंदे भारत के गोरखपुर पहुंचने भर जोरदार स्वागत किया जाएगा। 22 जून से वंदे भारत ट्रेन का गोरखपुर से पाटलिपुत्र के बीच नियमित संचालन आरंभ हो जाएगा। समय सारिणी और ठहराव की अधिसूचना जारी होते ही पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने वंदे भारत के संचालन को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है।
तैयारियों के क्रम में 19 जून को रेलवे भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष गोरखपुर आएंगे। वह गोरखपुर जंक्शन का निरीक्षण करने के साथ चल रहे पुनर्विकास कार्य की भी समीक्षा करेंगे। अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेने के बाद वह गोरखपुर-सिवान रेलमार्ग की विंडो ट्रेलिंग (निरीक्षण यान से रेल लाइनों का निरीक्षण) करेंगे।
गोरखपुर में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक दो दिन से गोरखपुर जंक्शन पर डेरा डाले हुए हैं। जंक्शन की साफ-सफाई के साथ कमियों को युद्धस्तर पर दुरुस्त कराया जा रहा है।
वंदे भारत की समय सारिणी
- गोरखपुर से सुबह 06:20 बजे रवाना होकर 07:02 बजे कप्तानगंज, 08:08 बजे बगहा, 08:53 बजे नरकटियागंज, 09:27 बजे बेतिया, 09:58 बजे बापूधाम मोतिहारी, 11:25 बजे मुजफ्फरपुर, दोपहर 12:20 बजे हाजीपुर होते हुए 01:30 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी।
- पाटलिपुत्र से दोपहर बाद 02:25 बजे रवाना होकर 03:00 बजे हाजीपुर, 03:55 बजे मुजफ्फरपुर, 05:38 बजे बापूधाम मोतिहारी, 06:05 बजे बेतिया, 06:33 बजे नरकटियागंज, 07:02 बजे बगहा, 08:24 बजे कप्तान होते हुए रात 09:35 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।