2.2kViews
1767
Shares
हैदराबाद
विमानों में बीच उड़ान के दौरान खराबी का एक और मामला सामने आया है। हैदराबाद-तिरुपति स्पाइसजेट की एक फ्लाइट गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही खराबी के कारण शहर लौट आई। सूत्रों ने बताया कि फ्लाइट ( SG 2696 ) को सुबह 6.10 बजे रवाना होना था।
फ्लाइट ने सुबह 6.19 बजे उड़ान भरी और उसे सुबह 7.40 बजे तिरुपति में उतरना था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही वापस हैदराबाद में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गई।
एयरलाइन की ओर से क्या कहा गया?
स्पाइसजेट ने विमान के वापस लौटने के बाद बयान जारी कर कहा कि विमान में टेक-ऑफ के बाद AFT बैगेज डोर लाइट में रुक-रुक कर रोशनी आई। इस वजह से एहतियातन वापस हैदराबाद लैंडिंग कराई गई।
एयरलाइन ने कहा, “पूरे समय केबिन में दबाव सामान्य रहा। एहतियात के तौर पर, पायलटों ने हैदराबाद लौटने का फैसला किया। विमान सुरक्षित रूप से उतरा और यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतारा गया। विमान ने आपातकालीन लैंडिंग नहीं की। तिरुपति की आगे की यात्रा संचालित करने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।”
दिल्ली-लेह फ्लाइट भी वापस लौटा
आज ही दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E 2006) को भी तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में चालक और स्टाफ समेत लगभग 180 लोगों सवार थे। बताया गया कि सभी को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया है।जानकारी के अनुसार, इंडिगो की एक फ्लाइट आज (गुरुवार) को लेह के लिए जा रही थी। लेह के हवाई क्षेत्र में पहुंचने के कुछ देर बाद ही इंडिगो फ्लाइट की वापस दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।