1863
Shares
लखनऊ
उत्तर प्रदेश सरकार अब प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा रही है। सरकार की योजना है कि राज्य के 12 प्रमुख पर्यटन सर्किट्स पर आधारित प्रचार फिल्में 12 अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में तैयार की जाएं। इनमें हिंदी, अंग्रेज़ी, फ्रेंच, स्पेनिश, जर्मन, इतालवी, रूसी, पुर्तगाली, अरबी, थाई, जापानी और कोरियाई भाषा शामिल हैं।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन फिल्मों के माध्यम से रामायण, कृष्ण-ब्रज, महाभारत, बौद्ध, शक्तिपीठ, आध्यात्मिक, सूफी-कबीर, जैन, बुंदेलखंड, वन्यजीव-ईको, क्राफ्ट और स्वतंत्रता संग्राम सर्किट्स का प्रचार किया जाएगा। हर फिल्म करीब दो मिनट की होगी और उसमें छह सर्किट्स को सम्मिलित किया जाएगा।
फिल्मों का होगा एनामार्फिक निर्माण
सरकार द्वारा चुनी गई एजेंसी स्क्रिप्ट लेखन से लेकर शूटिंग, संपादन, संगीत और वॉइसओवर तक का काम करेगी। ये सभी फिल्में आधुनिक एनामार्फिक तकनीक से बनाई जाएंगी, ताकि सिनेमाई अनुभव बेहतर हो। पूरी परियोजना को 120 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि डिजिटल माध्यमों से प्रचार प्रदेश के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।