2.2kViews
1467
Shares
खगड़िया
खगड़िया के बेलदौर विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक पन्नालाल सिंह पटेल के भांजे कौशल सिंह की हत्या बीते बुधवार की शाम साढ़े सात बजे के आसपास कर दी गई। पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने गोली मारकर कर उनकी हत्या कर दी। वे जदयू के जिला महासचिव भी थे। उन्हें मध्य बौरने पंचायत स्थित एनएच 107 के किनारे अवस्थित उनके गोदाम के पास गोली मारी गई।
जांच में जुटी पुलिस
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की देर रात्रि उनका शव उनके गांव मेदिनीनगर पहुंचा। इधर गुरुवार को खगड़िया एसपी राकेश कुमार ने घटना स्थल का गहन निरीक्षण किया।
इस मौके पर खगड़िया एसडीपीओ मुकुल रंजन, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह, चौथम थानाध्यक्ष अजित कुमार, चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष सिंटू कुमार आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने दिया कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
एसपी ने अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। हत्या में जो भी अपराधी संलिप्त हैं उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है।
इधर मिली जानकारी अनुसार हत्या का कारण पारिवारिक विवाद सामने आया है। एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी के फर्द बयान पर एफआइआर दर्ज की गई है।
इधर चौथम थानाध्यक्ष अजित कुमार ने बताया कि, मृतक कौशल सिंह के भतीजा आशीष कुमार, सोनू कुमार समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी जारी है।
गुरुवार की सुबह बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल भी मेदिनीनगर पहुंच मृतक के स्वजनों से मुलाकात की। विधायक ने कहा, बहुत ही निंदनीय घटना है। घटना को अंजाम देने में कई लोग साजिशकर्ता हैं।