दरअसल, गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में खातेगांव तहसील के दस लोगों की मौत हो गई। इनमें नौ संदलपुर के हैं। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी एक ही परिवार के हैं, जो पटाखे बनाने के लिए गए थे
मृतकों के नाम लखन पुत्र गंगाराम भोपा (24), सुनीता पत्नी लखन भोपा (20), केशरबाई पत्नी गंगाराम भोपा (50), राधा पुत्री गंगाराम भोपा (11), रुकमा पुत्री गंगाराम भोपा (8), अभिषेक पुत्र गंगाराम भोपा (5), राकेश पुत्र बाबूलाल भोपा (30), लाली पत्नी राकेश भोपा (25), किरण पुत्री राकेश भोपा (5) व ठेकेदार पंकज पुत्र देवीलाल निवासी खातेगांव हैं। दो वर्षीय बच्ची घायल है।
सूचना प्राप्त होते ही राजस्व व पुलिस बल संदलपुर रवाना हुआ। आर्थिक परेशानी के कारण पहुंचे गुजरात मृतक लखन के फूफा भगवान भेरूलाल नायक ने बताया कि मृतक एक ही परिवार के हैं। करीब छह महीने पहले तक सभी संदलपुर में ही रहकर कूकर सुधारने के साथ मजदूरी करते थे। मृतका शायर बाई पर बेटे की शादी एवं मकान बनाने सहित अन्य कार्यों के कारण लाखों रुपये का कर्ज हो गया था।
मृतक राकेश का परिवार भी आर्थिक परेशानी से जूझ रहा
मृतक राकेश का परिवार भी आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था। ग्राम हंडिया जिला हरदा निवासी गुड्डी बाई, जो इनकी रिश्तेदार थी वह और उसका परिवार पहले से ही पटाखे बनाने का काम करता था। शायर बाई अपनी लड़की राधा को लेकर गुड्डी बाई के साथ करीब डेढ़ महीने पहले गुजरात पटाखा फैक्ट्री में काम करने गई। होली पर वह वापस संदलपुर लौट आई। एक हजार पटाखे बनाने पर पांच सौ रुपये की कमाई होती थी।
संदलपुर के 8 लोग चार दिन पहले पहली बार ही गुजरात गए थे
आर्थिक परेशानी और कर्ज के बोझ तले दबा संदलपुर का भोपा परिवार पटाखे बनाने के काम में लग गया। संदलपुर और हंडिया के ये सभी लोग 22-23 मार्च को हाटपीपल्या से दस किलोमीटर आगे देवगढ़ पर स्थित पटाखा फैक्ट्री में काम करने गए। वहां किसी महिला के संपर्क में आए। उस महिला ने इन्हें ज्यादा मजदूरी दिलाने की बात कहकर गुजरात चलने को कहा। 28 मार्च सभी गुजरात के लिए निकल गए। संदलपुर के 8 लोग चार दिन पहले पहली बार ही गुजरात गए थे।
विधायक पहुंचे संदलपुर, सीएम से की बात
घटना की जानकारी मिलने पर आशीष शर्मा और भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर मृतक के परिवार के पास संदलपुर पहुंचे। विधायक शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री मोहन यादव से बात की है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गुजरात के मुख्यमंत्री से चर्चा की है। मृतकों के शव संदलपुर लाए जाएंगे।
स्वजन निजी वाहन से गुजरात के लिए रवाना हुए हैं। मृतकों के परिवार को गुजरात सरकार की तरफ से 4 लाख एवं मप्र सरकार की ओर से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। जिला प्रशाशन ने अंत्येष्टि के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता ग्राम पंचायत को उपलब्ध करवाई है।
एसडीएम प्रिया चंद्रावत, तहसीलदार अरविंद दिवाकर, थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट भी मृतकों के परिवार के पास संदलपुर मिलने पहुंचे। संदलपुर के स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने मृतकों के शोकाकुल परिवार के लिए भोजन की व्यवस्था करवाई।
मोहन यादव ने भी मुआवजे का किया एलान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उन्होंने ट्वीट किया कि हमारे कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान सहित पुलिस/प्रशासन के अधिकारियों को समन्वय के लिए दुर्घटना स्थल पर भेजा गया है। संकट की इस घड़ी में हमारी सरकार पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।