नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम के मिजाज बदले बदले से रहे। तीनों ही राज्यों के पर्वतीय इलाकों में हिमपात और वर्षा हुई। जनवरी और फरवरी में हुई कम बर्फबारी और वर्षा के बीच इससे कुछ राहत मिली है। अगले तीन से चार दिन तीनों राज्यों में हिमपात और वर्षा जारी रहने का मौसम विभाग का पूर्वानुमान है।
हल्के हिमपात व वर्षा होने की संभावना
कश्मीर में मंगलवार को ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हिमपात जबकि मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हुई। जम्मू में भी पूरे दिन रुक-रुक कर वर्षा होती रही। इससे दिन का तापमान कई डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार मार्च की शुरुआत में भी बादल छाये रहने और हल्के हिमपात व वर्षा होने की संभावना है।
शिमला व कांगड़ा सहित कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई
कुछ स्थानों पर भूस्खलन और हिमस्खलन होने की भी आशंका है। इससे यातायात प्रभावित हो सकता है। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रे में मंगलवार को आधा फीट तक हिमपात हुआ। राजधानी शिमला व कांगड़ा सहित कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई।
हिमाचल प्रदेश शीतलहर फिर से बढ़ गई है
हिमपात व वर्षा के कारण प्रदेश में शीतलहर फिर से बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में 11 डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 26 फरवरी से पहली मार्च तक भारी हिमपात व वर्षा की चेतावनी दी है। इसके कारण यातायात व अन्य सेवाएं प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है।
उधर उत्तराखंड के ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडराने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी और हिमपात का दौर शुरू हो गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में देर शाम बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब समेत अन्य चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ जबकि, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में भी आंशिक बादलों के बीच धूप भी खिली रही।
वर्षा व ओलावृष्टि को लेकर जारी किया अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार कहीं-कहीं गरज के साथ वर्षा-बर्फबारी और ओलावृष्टि हो सकती है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा व ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में छिटपुट बारिश की उम्मीद है।
आज दिल्ली-यूपी में छाए रहेंगे बादल
दिल्ली में बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है। दिल्ली में मंगलवार सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। IMD के अनुसार, दिन में हल्के बादल और हवाएं चलेंगी। वहीं यूपी में हल्की ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पारा थोड़ा और नीचे जा सकता है।