राजकीय कन्या कॉलेज नचौली में शनिवार से तीन दिवसीय जोनल यूथ फेस्टिवल की शुरुआत हो गई। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित फरीदाबाद-पलवल जोन के युवा महोत्सव में पहले दिन पांच स्टेज पर 20 इवेंट्स में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
छात्राओं को प्रतिभा दिखाने का मौका
राजकीय कन्या कालेज नचौली के प्रिंसिपल डॉ. सुशील वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. रणदीप राणा ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर और बड़ा मंच उपलब्ध कराता है। जोनल यूथ फेस्टिवल में कुल 46 इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार यूथ फेस्टिवल की थीम सशक्त युवा, समृद्ध भारत रखी गई है।
विद्यार्थियों ने रसिया के साथ-साथ कई अन्य राज्यों की लोक संस्कृति को भी प्रस्तुत किया। इसके बाद कोरियोग्राफी इवेंट हुआ, जिसमें अलग-अलग मुद्दों को डांस के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। क्लासिकल डांस के साथ हरियाणवी डांस का जलवा भी स्टेज पर देखने को मिला। लड़कियों के साथ लड़कों ने भी हरियाणवी गीतों पर जमकर ठुमके लगाए।
14 से अधिक इवेंट्स आयोजित
दूसरी स्टेज पर गीत, गजल, भजन, लोकगीत, क्लासिकल म्यूजिक के तीन इवेंट और ग्रुप सांग इंडियन आयोजित किए गए। यूथ फेस्टिवल के दूसरे दिन रविवार को पांच स्टेज पर 14 से अधिक इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान केएल मेहता दयानंद महिला कालेज की प्रिंसिपल डा. मीनू दुआ, सरस्वती महिला कालेज पलवल की प्रिंसिपल डॉ. वंदना त्यागी, अग्रवाल कालेज के प्रिंसिपल डॉ. सीएस वशिष्ठ, पूर्व प्रिंसिपल डॉ. अर्चना वर्मा, डॉ. दिनेश जून, डॉ. सुनील शर्मा, शैलेश्वर कौशिक मौजूद रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

