नारनौलवासियों के लिए खुशखबरी, 191.77 करोड़ से दूर होगा पेयजल संकट; शहर और 16 गांवों को सीधा फायदा

1123 Shares

 शहर की बढ़ती आबादी और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है।

नारनौल विधानसभा क्षेत्र में पानी और सीवरेज व्यवस्था का ढांचा बदलने के लिए 191.77 करोड़ रुपये की तीन बड़ी परियोजनाओं के टेंडर जारी किए गए हैं।

इन योजनाओं के तहत शहर को तीन नए नहर आधारित जलघर मिलेंगे, जबकि 11 नए बूस्टिंग स्टेशन स्थापित कर पेयजल आपूर्ति का विस्तार किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक नया जलघर, नौ बूस्टिंग स्टेशन और 63 किलोमीटर से अधिक नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही शहर में 25 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाने की योजना है।

स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने बताया कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से इन तीनों परियोजनाओं के टेंडर जारी कर दिए गए हैं।

इनका उद्देश्य केवल पेयजल आपूर्ति का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि बढ़ती आबादी के अनुरूप पानी के वितरण तंत्र को मजबूत करना और सीवरेज की पुरानी समस्याओं का समाधान करना भी है। योजनाओं के पूरा होने से नारनौल शहर के साथ 16 ग्राम पंचायतों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

1.38 लाख आबादी के लिए तीन नए जलघर
नारनौल शहर और नगर परिषद में शामिल नौ गांवों की अनुमानित आबादी वर्ष 2025 के अनुसार करीब 1,38,510 हो चुकी है। इसमें पुराने नगर क्षेत्र की 1,04,108 और नवशामिल गांवों की 34,402 आबादी शामिल है।

इसके अलावा सुभाष नगर, कैलाश नगर, राजकीय पीजी कॉलेज, दिल्ली वाली ढाणी, पुरानी मंडी, फौजदार कॉलोनी, केशव नगर, हीरा नगर, शेखपुरा, नूनी अव्वल और किरोड़ अफगान में 11 नए बूस्टिंग स्टेशन स्थापित होंगे।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 1,90,896 मीटर नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए नगर परिषद की ओर से आवश्यक जमीन उपलब्ध करवाई जा चुकी है।

सीवरेज की समस्या से भी मिलेगी राहत

शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुधारने के लिए 23.61 करोड़ रुपये के कार्य करवाए जाएंगे। इसके तहत लाल पहाड़ी और इंदिरा कॉलोनी में दो नए सीवरेज डिस्पोजल बनाए जाएंगे। पहले से स्थापित 10 सीवरेज डिस्पोजल का नवीनीकरण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *