मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड ने कक्षा नौ और 11 में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक विवरण में संशोधन का अवसर दिया है। विद्यालयों के प्रधानाचार्य 30 नवंबर तक बोर्ड की वेबसाइट पर विद्यार्थियों के पंजीकरण संबंधी त्रुटियों को ठीक कर सकेंगे।
कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण में दर्ज विवरण का विद्यालय स्तर पर मिलान करना अनिवार्य होगा। प्रधानाचार्यों को सभी विद्यार्थियों के रिकार्ड की जांच कर त्रुटियों को निर्धारित समयसीमा में ठीक करना होगा। संशोधन के बाद विद्यार्थियों का विवरण नियमानुसार अपडेट किया जाएगा। विद्यालयों को 30 नवंबर तक संशोधित विवरण की सूची और संबंधित अभिलेखों का मिलान कर 12 दिसंबर तक हर मंडलीय कार्यालय में पूर्ण प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।
निर्धारित समय के बाद संशोधन का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। बोर्ड ने विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण की जांच कर लें, ताकि भविष्य में परीक्षा संबंधी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

