मोतिहारी में दिनदहाड़े युवक की कनपट्टी पर पिस्तौल सटाकर लूटी सोने की चेन और दो अंगूठियां

1833 Shares

मोतिहारी शहर में अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए शनिवार को दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया।

नगर थाना क्षेत्र के अगरवा मोहल्ले में जयमंगला अनूपा महिला कालेज के समीप दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने एक युवक की कनपट्टी पर पिस्तौल सटाकर सोने की चेन और दो अंगूठियां लूट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दोनों बाइक से आराम से फरार हो गए।

रास्ते में घेरकर लूटपाट
पीड़ित की पहचान अगरवा मोहल्ला वार्ड संख्या-35 निवासी लालबाबू सहनी के रूप में हुई है। उन्होंने इस संबंध में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।

पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह अपने घर से बथान की ओर जा रहे थे, तभी महिला कालेज के समीप दो बाइक पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।

पिस्तौल दिखाकर छीने गहने

चारों बदमाशों के पास हथियार थे। उन्होंने लालबाबू सहनी की कनपट्टी पर पिस्तौल सटा दी और हथियार का भय दिखाकर उनके गले से सोने की चेन तथा हाथ से सोने की दो अंगूठियां उतरवा लीं। इसके बाद सभी बदमाश दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से तलाश

शहर के बीचोंबीच दिनदहाड़े कालेज के समीप हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने अब अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की चुनौती है।

पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास लगे क्लोज सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फुटेज के आधार पर बदमाशों को चिह्नित करने की कोशिश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *