पलामू में करमा विसर्जन के दौरान नदी में डूबे पांच, चार शव मिले; 8 वर्षीय हेमंत की तलाश जारी

2.2kViews
1032 Shares

 चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव में करमा पूजा की करम टहनी विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबे आठ वर्षीय हेमंत सिंह का शव गुरुवार सुबह तक बरामद नहीं हो सका। घटना के बाद से ग्रामीणों और स्थानीय बचाव दल के साथ प्रशासन की टीम नदी के तटवर्ती क्षेत्र में करीब आठ से 10 किलोमीटर के दायरे में उसकी तलाश कर रही है। लगातार दूसरे दिन भी हेमंत का सुराग नहीं मिलने से स्वजनों की चिंता बढ़ गई है। गांव में मातम पसरा है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बुधवार सुबह करम टहनी विसर्जन के दौरान पतरिया खुर्द निवासी नीतीश कुमार सिंह (18), अमित कुमार ठाकुर (22), राजा सिंह (12), विशाल पासवान (16) और हेमंत सिंह (8) कोयल नदी में डूब गए थे। बताया गया कि नीतीश कुमार सिंह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य चार भी नदी में उतर गए। इसी दौरान नदी की तेज धार में सभी बह गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

स्थानीय स्तर पर चलाए गए अभियान में चार लोगों के शव करीब एक किलोमीटर नीचे बोकाया नदी घाट से बरामद किए गए। इनमें नीतीश कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर, राजा सिंह और विशाल पासवान शामिल हैं। चारों शवों का मेदिनीराय मेडिकल कालेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया।

बुधवार देर शाम राजा सिंह के शव को कोयल नदी किनारे दफना दिया गया, जबकि नीतीश कुमार सिंह और विशाल पासवान का दाह संस्कार कर दिया गया। अमित कुमार ठाकुर के स्वजनों के समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण उसका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा।

इधर, हेमंत की तलाश में ग्रामीण बुधवार देर शाम तक नदी किनारे संभावित स्थानों पर जुटे रहे। गुरुवार सुबह से फिर खोज अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन की टीम स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी ले रही है। साथ ही, गढ़वा जिला प्रशासन से भी संपर्क किया गया है, ताकि नदी के आगे के हिस्से में भी तलाश को व्यापक किया जा सके।

सदर एसडीओ संजय पांडेय ने बताया कि एनडीआरएफ की नौवीं बटालियन की टीम बिहटा से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। टीम के दोपहर करीब 12 बजे तक पहुंचने की संभावना है। एनडीआरएफ के पहुंचने के बाद तलाशी अभियान को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *