शादी के लिए दबाव और ब्लैकमेल से परेशान होकर बलिया में सब-इंस्पेक्टर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
चितबड़ागांव क्षेत्र के ग्राम पंचायत धर्मापुर नवकापुरा रेलवे क्रासिंग के पास शनिवार रात 8:30 बजे के करीब सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर उप निरीक्षक संदीप कुमार ने जान दे दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक महिला द्वारा शादी के लिए दबाव और ब्लैकमेल से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
यह सूचना अगले रेलवे स्टेशन पर एक लोको पायलट की ओर से दर्ज कराई गई एमआरओ रिपोर्ट के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मृतक की पहचान संदीप कुमार के रूप में की।
वह मूल रूप से संत कबीर नगर जिले के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार का सिकंदरपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवती उन पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी और उन्हें ब्लैकमेल भी कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

