ओटीएस में आवेदन की तारीख बढ़ी, मुरादाबाद के गृहकर और जलकर बकायेदारों होगा लाभ

1084 Shares

गृहकर और जलकर के बकायेदारों को एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने के लिए शासन ने अतिरिक्त समय दिया है। अब योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 नवंबर से बढ़ाकर 14 दिसंबर कर दी गई है।वहीं, प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की समय सीमा भी 15 दिसंबर से बढ़ाकर 15 जनवरी कर दी गई है। इससे नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों के उन भवन स्वामियों को राहत मिलेगी, जो अब तक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं कर सके हैं।

नगर विकास विभाग के अनु सचिव चंद्रपाल सिंह ने 15 नवंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इससे पहले 20 जुलाई 2026 को जारी शासनादेश के तहत ओटीएस योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर 2026 तक संचालित की गई थी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन 15 अगस्त से 14 नवंबर तक मांगे गए थे। अब आवेदन की अवधि एक महीने बढ़ा दी गई है।

शासनादेश के अनुसार, प्रदेश के सभी 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतों में योजना लागू है। आवेदन प्राप्त करने और उनके निस्तारण की समयसीमा बढ़ाई गई है।

अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि योजना की अन्य शर्तें और प्रतिबंध पहले की तरह ही लागू रहेंगे। नगर निकायों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक बकायेदारों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *