बेखौफ बदमाशों ने रविवार दोपहर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शास्त्रीनगर सेक्टर-13 में चोरों ने रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के घर को निशाना बनाया। गेट का ताला तोड़कर वे घर में घुसे। सेफ व अन्य अलमारियों को तोड़कर दोनों बदमाशों ने 11 लाख रुपये की नगदी व 15 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात के समय आशु शर्मा पत्नी व बेटी संग हापुड़ रोड पर शापिंग के लिए गए थे। एक बेटा मकान के द्वितीय तल पर सोया हुआ था। सूचना पर पहुंची नौचंदी थाना पुलिस घटना की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से कालोनी में सनसनी फैल गई।
आशु ने बताया कि सेफ में रखे 11 लाख रुपये नगद, 10 तोले सोने के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वैलरी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि द्वितीय तल पर सो रहे बेटे समर की आंख खुली तो उसने नीचे आकर देखा तो चोरी का पता चला। चोरों ने जल्दबाजी में चोरी की, जिस कारण पूरे घर में कपड़े व सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की सूचना पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने आसपास के घर की फुटेज चेक की तो इसमें दो हुड्डी पहने युवक पैदल आते दिखाई दिए।
चेहरे पर मास्क लगा रखा था। दोनों कुछ देर घूमते रहे, इसके बाद वे आशु शर्मा के घर के मेनगेट पर पहुंचे तथा ताला तोड़ा। घर में घुसकर उन्होंने चोरी की और फिर निकल गए। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास कर रही है। आशु शर्मा ने चोरी की तहरीर थाने पर दी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

