आस्था, प्रदूषण और सियासत, छठ पूजा आते ही हर बार क्यों सुर्खियों के केंद्र में होती है यमुना?

6.3kViews
1439 Shares

 पूरे देश में छठ का पर्व पूरी आस्था के साथ मनाया जा रहा है। छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए पवित्रता, स्वच्छता और साफ-सफाई सबसे अहम होती है।

प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य को साक्षी मानकर भक्त चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान के हर नियम और शुद्धता का पूरी निष्ठा से पालन करते हैं। लेकिन, देश की राजधानी दिल्ली में आस्था के इस महापर्व की तस्वीर हर साल थोड़ी अलग नजर आती है।

जहरीले झाग देखने को मिले
नई दिल्ली के कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में जहरीला झाग देखने को मिला। झाग को हटाने के लिए एंटी-फोमिंग केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। छठ पूजा से पहले यमुना की सफाई के लिए ओखला बैराज के पास झाग को खत्म करने के लिए केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है।

मजबूर हैं श्रद्धालु

दिल्ली में श्रद्धालु इस अटूट विश्वास के साथ यमुना के दूषित पानी में कदम रखने को मजबूर हैं कि उनकी आस्था ही उनकी रक्षा करेगी। दीवाली के बाद से ही दिल्ली जहरीली हवा और खतरनाक प्रदूषण से जूझ रही है। वहीं, यमुना नदी की सफाई को लेकर जमकर राजनीति हो रही है।

आम आदमी पार्टी समेत विपक्ष के नेता यमुना नदी में तैरते जहरीले झाग को लेकर बीजेपी पर निशाना साध रही है तो वहीं बीजेपी नेता भी खुलकर पलटवार कर रहे हैं।

वहीं, छठ के मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु यमुना के घाटों पर जुटेंगे और कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देंगे, तो एक तरह से यह नदी की स्वच्छता और सरकारी दावों का ‘सालाना पब्लिक ऑडिट’ भी होगा।

दावों पर आप ने सवाल उठाए

यमुना की सफाई को लेकर भाजपा के दावों पर आप ने सवाल उठाए हैं। आप का आरोप है कि शुक्रवार को एक टीवी में बहस में भाजपा प्रवक्ता ने शनिवार सुबह कालिंदी कुंज घाट पर यमुना में डुबकी लगाने की घोषणा की थी, लेकिन घाट नहीं पहुंचे।

आप के अनुसार, उनके प्रवक्ता वहां पहुंचकर घंटों इंतजार करते रहे। पार्टी ने आरोप लगाया कि यमुना में छह नावों के जरिये पानी में रसायनों का छिड़काव किया जा रहा है।

इस संबंध में आप के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज के साथ-साथ अनमोल पंवार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *