शाह रुख खान को देखकर हीरो बना बिहार का लाल, ‘नयी नवेली’ फेम Anurag Thakur ने सुनाई फिल्मी सफर की कहानी

1623 Shares

बिहार के पूर्णिया से ताल्लुक रखने वाले अभिनेता अनुराग ठाकुर बचपन से ही अभिनेता बनने का शौक था। उस वक्त न तो एक्टिंग की बारीकियों की समझ थी और न ही सिनेमा की दुनिया की कोई खास जानकारी। बस दिल में एक ही ख्वाहिश थी कि हीरो बनना है।

नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) में प्रवेश न मिलने के बावजूद थिएटर से जुड़े रहे। ब्लैक वारंट, नई नवेली के बाद अब वह फिल्म रफ्तार में नजर आएंगे। उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंश:

अपने फिल्मी सफर के बारे में बताएं…

मैं बिहार के पूर्णिया से ताल्लुक रखता हूं। शुरुआत वहीं से हुई थी पता नहीं था कि एक्टिंग क्या है, सिनेमा क्या है? बस इतना पता था कि हीरो बनना है। शाह रुख खान पसंद थे। उनको ही देखता था। स्कूल में टीचर की नकल कर ली, थोड़ा बहुत स्केच कर लिए। हमारे अंग्रेजी टीचर ने मुझे एक्टिंग करते देखा, मैं उनकी ही नकल उतार रहा था। उन्होंने कहा कि तुम अच्छी एक्टिंग करते हो। मैंने कहा अच्छा इसे एक्टिंग कहते हैं।

उन्होंने कहा हां तुम नेशनल स्कूल आफ ड्रामा जाना वहां पर सीखना। वहां से ओमपुरी जैसे बहुत अच्छे कलाकार निकले हैं। एनएसडी में भर्ती होने तक पता नहीं था कि आपको ग्रेजुएट होना पड़ेगा, छह नाटक का अनुभव चाहिए तीन सिफारिशी पत्र चाहिए होंगे। दिल्ली आने पर छह बार एनएसडी में आवेदन किया, लेकिन नहीं हुआ। साथ-साथ मैं थिएटर कर रहा था। अभी भी नाटक करता हूं।

वेब सीरीज में पहला ब्रेक कैसे मिला?

मैंने एक विज्ञापन किया था। उसके बाद ताडंव वेब शो में छोटा सा रोल किया। दिल्ली में आडिशन देना आरंभ किया। मुंबई में यार-दोस्त थे, जिन्होंने मुझे दिल्ली में थिएटर करते हुए देखा था। उन्हें मेरा मेरा काम पसंद था। वहां से फिजिक्स वाला शो मिला, फिर तिग्मांश धूलिया का शो गर्मी, उसके बाद ब्लैक वारंट हिट हुआ।

पहली कमाई से क्या खरीदा था?

मैंने घरवालों के लिए तोहफे लिए थे और 799 रुपये का जूता अपने लिए लिया था। तब ज्यादा कमाई थी नहीं। हालांकि मेरी सबसे पहली कमाई स्कूल में हुई थी। स्कूल में पहले स्थान पाने वाले को सौ रुपये, दूसरा स्थान पाने वाले को 75 रुपये मिलते थे। मैं क्लास में थर्ड आया था तो पचास रुपये मिले थे। उसे मैंने अपने
दादा को दिया था।

ब्लैक वारंट से जिंदगी कितनी बदली, उसमें आपकी भूमिका को काफी सराहा गया था…

ब्लैक वारंट से यह बदलाव आया है कि मैं बिहार से आया हूं, लेकिन शो में हरियाणवी बोली तो लोगों को यकीन हुआ कि मैं अच्छा काम कर सकता हूं। अच्छी स्क्रिप्ट आने लगी हैं, बहुत सारी नहीं आ रही है, लेकिन पहले की तुलना में अब बेहतर स्क्रिप्ट आ रही हैं।

नई नवेली की तीखी आलोचना हुई, लेकिन आपके काम की तारीफ हुई। इसे कैसे देखते हैं?

अच्छी बात है कि लोग देख रहे हैं, तभी तो आलोचना कर रहे हैं। अगर आलोचना हुई तो इसका अर्थ है कि और मेहनत करने की जरूरत है। लेकिन अगर मेरे हिस्से की बात करें तो मैं कलाकार हूं, मुझे नहीं पता कि फिल्म पसंद की जाएगी या नहीं। मुझे इतना पता है कि मुझे अपना काम कैसे करना है। उसमें कोई गलती हो रही है, तो उसके बारे में जरुर बात कर सकता हूं। फिल्म की कहानी जब पढ़ी थी, तब हमें पता था ओल्ड स्कूल कॉमेडी है।

हर सिनेमा का दर्शक वर्ग अलग होता है। मेरी एक्टिंग स्टाइल भी बदलती है। नई जुबान बोलने की कोशिश भी की है। श और स को लेकर जुबान चिपकती है, ताकि स्थानीयता का भाव आए। आज अगर किसी काम के लिए प्यार मिल रहा है, तो किसी काम के लिए आलोचना होना स्वाभाविक है। हो सकता है कि फिल्म की तारीफ हो, मेरी न हो। हमें काम करते रहना है।

राजकुमार राव द्वारा निर्मित फिल्म रफ्तार में भी आप काम कर रहे हैं…

फिल्म की शूटिंग हो चुकी है। उसे रिलीज करने की तैयारी है। यह फिल्म शिक्षा क्षेत्र के बारे में हैं। एक शिक्षक हैं, जो बहुत अच्छे हैं, लेकिन धीरे-धीरे आनलाइन कोचिंग की दुनिया में प्रवेश करते हैं। शून्य से आरंभ करके वह काफी मशहूर और अमीर हो जाते हैं। फिर उनकी कंपनी में एक सेल्स हेड है, वो मैं हूं। इंटरवल के आसपास मेरा पात्र आता है। बाकी राजकुमार बहुत सुलझे हुए हैं। वह बहुत सिक्योरड एक्टर हैं।

उन्हें यह कभी नहीं लगता कि वो मुझसे ऊपर जा रहा है। कई सीन ऐसे थे, जो मेरे थे भी नहीं, लेकिन वो मुझे खींच लाते थे। वो इंप्रोवाइज करने में माहिर हैं। उन्हें पता था कि मैं इंप्रोवाइज कर लेता हूं। मेरा आडिशन मुकेश छाबड़ा ने लिया था, वह भी मौजूद थे। मेरे करियर में मुकेश सर का बहुत योगदान रहा है।

इसके अलावा कौन से प्रोजेक्ट कर रहे हैं?

मैंने एक खूबसूरत फिल्म फूलन की है, जो डकैत से सांसद बनी फूलन देवी पर है। इसे रिची मेहता ने बनाया है, जिन्होंने डेल्ही क्राइम सीरीज बनाई है। इसका वर्ल्ड प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सितंबर में हुआ था। उसमें मेरा पात्र देखकर लोग अंचभित होंगे। यह सिर्फ डेढ़ दिन की कहानी है। यह फूलन देवी कीआत्मकथा आइ फूलन के एक अध्याय पर आधारित है। यह बैंडिड क्वीन फिल्म से अलग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *