‘बुंदेले हरबोलों के मुंह…’ कविता तो सबने रटी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कौन हैं ये हरबोले? दिलचस्प है इतिहास

5.1kViews
1390 Shares

‘बुंदेले हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी थी, खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी’, सुभद्रा कुमारी चौहान की लिखी ये लाइन हम सभी ने सुनी है।

वीरांगना लक्ष्मीबाई की वीरता का बखान करती इस कविता में बुंदेले हरबोलों शब्द का बार-बार इस्तेमाल होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं हरबोले आखिर होते कौन हैं? आइए जानें हरबोले कौन हैं।

कौन हैं हरबोले?

हरबोले बुंदेलखंड क्षेत्र में रहने वाला एक समुदाय है, जो पारंपरिक रूप से लोक गायन की परंपरा निभाते आए हैं। ये समुदाय ईश्वर भक्ति या वीरों का यशगान करते हैं। इस समुदाय को ये नाम भी इसी वजह से मिला है।

हर यानी ईश्वर और बोले यानी गुणगान करने वाले। इसलिए इस समुदाय का नाम हरबोले पड़ा। हरबोले गांव-गांव जाकर महाराजाओं, शूरवीरों और पौराणिक कथाओं को गाकर सुनाते आए हैं। समाज में इनका खास रुतबा हुआ करता था।

हरबोले गायन की परंपरा

हरबोले गायन की परंपरा काफी खास होती है। ये जमीन पर बैठकर या चलते हुए गाना नहीं गाते। ये गांव में जाकर एक ऊंचे पेड़ की डाली पर बैठकर अपनी बुलंद आवाज में रानी लक्ष्मीबाई, आल्हा-ऊदल, राजा भृतहरि जैसे शूरवीरों की गाथाएं गाते। इनकी आवाज बुलंद होने के साथ-साथ काफी मीठी होती है और ये एक खास लय में गाना गाते हैं, जिसमें वीरता की ये कहानियां सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

इतना ही नहीं, इसके बाद गांव के मुखिया और बाकी लोग उस पेड़ के नीचे आते और मनोहार करके इन्हें पेड़ से नीचे उतारते और इन्हें दक्षिणा देते। समाज में इन्हें काफी सम्मान मिलता था। हालांकि, अब ये परंपरा धीरे-धीरे लुप्त हो रही है।

लुप्त होती हरबोलों की परंपरा

आज हरबोले गायन की ये लोक-परंपरा लुप्त होने की कगार पर है। बहुत कम जगहों पर ही हरबोले गाते हुए दखाई देते हैं। अब न तो रिहायशी इलाकों में आसानी से पेड़ मिलते हैं, जिस पर चढ़कर वे गीत गा सकें और न ही अब लोगों में वो भावना बची है कि मनोहार करके इन्हें पेड़ से नीचे उतारें। हालांकि, आज भी कुछ परिवार पारंपरिक रूप से हरबोला गायन की परंपरा निभा रहे हैं, लेकिन इसके साथ अपनी रोजी-रोटी के लिए वे खेती और मजदूरी भी करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *