बिहार में Gen-Z से सीधे संवाद करेंगे चिराग पासवान, 24 सितंबर को पटना में होगा ‘Youth BOLE TO’ कार्यक्रम

1307 Shares

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से 24 सितंबर को पटना के वेटनरी ग्राउंड में Youth BOLE TO कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बिहार के युवाओं, खासकर Gen-Z, से सीधे संवाद करेंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की घोषणा की।पार्टी के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी बात खुलकर रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

इसमें युवा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक, डिजिटल युग की चुनौतियों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चिराग पासवान के साथ सीधे संवाद कर सकेंगे।

युवाओं के सवाल और सुझाव पर होगा संवाद

प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि युवा केवल भविष्य की शक्ति नहीं, बल्कि वर्तमान में भी देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उनकी सोच, सुझाव और समस्याओं को समझना तथा उन्हें नीति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बदलते दौर में युवाओं की आकांक्षाएं और चुनौतियां भी तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में उनके साथ सीधे संवाद के माध्यम से उनकी प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।

युवा प्रकोष्ठ को सौंपी गई जिम्मेदारी

प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन को लेकर भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सुचारू संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष को कार्यक्रम संयोजक के रूप में सौंपी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के पदाधिकारियों, युवा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

पार्टी के मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा ने कहा कि “Youth BOLE TO” सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की बात सुनने, उनकी आकांक्षाओं को समझने और उनके साथ सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *