त्योहारी सीजन को लेकर शहर के सराफा कारोबारियों ने उत्साह और उम्मीद के साथ तैयारियां तेज कर दी हैं। सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच कारोबारियों का पूरा जोर ऐसे आभूषणों के कलेक्शन पर है जो ग्राहकों की पसंद पर खरे उतरने के साथ ही उनके बजट में भी फिट बैठें।
रुड़की के सराफा बाजार में त्योहारी सीजन को लेकर हलचल बढ़नी शुरू हो गई है। करवाचौथ, धनतेरस, दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर सोने-चांदी के आभूषणों की मांग अधिक रहती है। वहीं शादी का सीजन भी शुरू हो गया है। ऐसे में ग्राहक भी अपनी-अपनी जरूरत, पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी की योजना बना रहे हैं।
इस कारण सराफा कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर आभूषणों की नई रेंज उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। खासतौर पर ऐसे डिजाइन पर ध्यान दिया जा रहा है जो देखने में आकर्षक हों और वजन में हल्के होने के कारण ग्राहकों की जेब पर अधिक बोझ भी न डालें। रुड़की सराफा
त्योहार से व्यापारियों को काफी उम्मीदें
एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय चौहान के अनुसार त्योहारी सीजन को लेकर शहर के सराफा कारोबारी काफी उत्साहित हैं। करवाचौथ, धनतेरस और दीपावली के त्योहार से व्यापारियों को काफी उम्मीदें हैं। वहीं अब शादी का सीजन भी शुरू हो गया है। वे कहते हैं कि काफी समय से सोने के भाव बढ़े होने की वजह से ग्राहकों की क्रय क्षमता कम हो गई है। इस वजह से अब ग्राहक भारी की बजाय कम वजन के आभूषणों की मांग कर रहे हैं।
ऐसे में ग्राहकों की पसंद को देखते हुए अधिकांश सराफा हल्के वजन का कलेक्शन रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय 24 कैरेट सोने का भाव लगभग एक लाख 48 हजार प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत एक लाख 35 हजार प्रति 10 ग्राम के आसपास बनी हुई है।
शहर में करीब दो सौ सराफा कारोबारी
रुड़की सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय चौहान के अनुसार शहर में करीब दो सौ सराफा कारोबारी हैं। वहीं, सराफा की दुकानों पर काम करने वाले कारीगरों की संख्या लगभग 300 के आसपास होगी। जिन्हें त्योहारी सीजन से सराफा बाजार में रौनक आने की आस है।
कम वजन में आकर्षक डिजाइन
सोने के भाव में तेजी के बीच कम वजन वाले आभूषण ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प बनकर उभर रहे हैं। सराफा कारोबारी हल्की चेन, अंगूठी, कानों के आभूषण और अन्य डिजाइनदार गहनों का कलेक्शन मंगवा रहे हैं। इन आभूषणों की खासियत यह है कि कम वजन में भी आकर्षक डिजाइन उपलब्ध हो जाते हैं। ऐसे में सीमित बजट में खरीदारी करने वाले ग्राहक भी त्योहार के अवसर पर सोने के आभूषण खरीदने की योजना बना सकते हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

