पेड़ से टकराकर पलटी अनियंत्रित बोलेरो, मां-बेटी की मौत; इलाज कराने गोरखपुर जा रहा था परिवार
कुसम्ही जंगल में गोरखपुर-कुशीनगर मार्ग पर सोमवार रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
हादसे में बोलेरो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एम्स पुलिस ने सभी को तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। पांच अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सोमवार देर रात बोलेरो जैसे ही कुसम्ही जंगल में गोरखपुर-कुशीनगर मार्ग पर पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक संभाल पाता, इससे पहले ही बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
हादसे के बाद बोलेरो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्स पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से एम्स अस्पताल भेजा।
वहां चिकित्सकों ने आयशा खातून और उनकी बेटी आलिया (23) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मुख्तार अहमद, अमीना खातून (48), बुशरा (24), चालक अमन पासवान (22) पुत्र राकेश पासवान और जय हिंद पासवान (26) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का एम्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि घटना की जानकारी स्वजन को दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

