रेलवे स्टेशन पर कुली-व्हीलचेयर की टेंशन खत्म, अब घर बैठे कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग; क्या है प्रक्रिया?
भारतीय रेलवे ने यात्रियों के सफर को और ज्यादा आसान और आरामदायक बनाने के लिए एक बहुत ही शानदार डिजिटल पहल की है।
इसके तहत अब आपको रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही भारी-भरकम सामान उठाने के लिए कुली ढूंढने या बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए व्हीलचेयर की तलाश में परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब ये दोनों सुविधाएं आपको घर बैठे ऑनलाइन मिल जाएंगी।
ऐसे में अब आपके मन में यह सवाल खड़ा हो रहा होगा कि आखिर यह नई व्यवस्था क्या है और यह कैसे काम करेगी? आइए हम आपको बताते हैं।
कब और कहां से शुरू हो रही है यह सुविधा?
बता दें कि अजमेर रेल मंडल में आगामी 16 नवंबर 2026 से मोबाइल एप और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए कुली और व्हीलचेयर की ऑनलाइन एडवांस बुकिंग शुरू होने जा रही है। अगर अजमेर मंडल में यह प्रयोग सफल रहा, तो आने वाले समय में इसे देश के बाकी बड़े और व्यस्त स्टेशनों पर भी लागू किया जा सकता है।
ई-व्हीलचेयर ऑनलाइन बुकिंग कैसे होगी?
देखिए अगर आपके परिवार में कोई बुजुर्ग, मरीज या दिव्यांगजन सफर कर रहे हैं, तो आप घर बैठे कुछ आसान स्टेप्स से ई-व्हीलचेयर बुक कर सकते हैं।
- स्टेप 1- सबसे पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com पर जाएं।
- स्टेप 2- होमपेज पर दिए गए ‘More’ या ‘Services’ टैब पर क्लिक करें।
- स्टेप 3- इसके बाद ‘AT STATIONS’ सेक्शन के अंदर जाकर ‘E-Wheelchair’ वाले विकल्प को चुनें।
- स्टेप 4- अब अपना 10 अंकों का PNR नंबर दर्ज करें और ‘Search’ पर क्लिक करें। ऐसा करते ही आपकी ट्रेन और यात्रा की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।
- स्टेप 5- यहां आपको चुनना होगा कि आपको व्हीलचेयर कहां चाहिए—बोर्डिंग स्टेशन (जहां से ट्रेन पकड़नी है) पर या डेस्टिनेशन स्टेशन (जहां उतरना है) पर।
- स्टेप 6- सारी जानकारी भरने के बाद ‘Book’ पर क्लिक करें। बुकिंग होने के बाद जो वाउचर या कन्फर्मेशन मैसेज मिले, उसका प्रिंट ले लें या मोबाइल-ईमेल पर सुरक्षित रख लें।
कुली की ऑनलाइन बुकिंग कैसे होगी?
इस बात को ऐसे समझिए कि 16 नवंबर से आप अपने स्मार्टफोन के जरिए रेलवे के अधिकृत एप से पहले ही कुली बुक कर सकेंगे। कुली की यह बुकिंग सीधे आपके ट्रेन टिकट के PNR नंबर से जुड़ी होगी।
इससे कुली को पहले से ही पता होगा कि आपकी ट्रेन किस समय आने या जाने वाली है और आपका कोच किस प्लेटफॉर्म पर रुकेगा। इससे आपको स्टेशन पर पहुंचते ही तय समय पर कुली मिल जाएगा और आपको मोल-भाव करने या भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रेलवे के इस पहल से सफर होगा आसान
गौरतलब है कि रेलवे के इस पहल से बुजुर्ग और दिव्यांगजन को बड़ा फायदा मिलेगा। इन्हें अब स्टेशन पर व्हीलचेयर या सहायक ढूंढने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि स्टेशन पर पहुंचते ही मदद मिल जाएगी।
इसके अलावा जो लोग परिवार के साथ सफर कर रहे हैं या जिनके पास बहुत ज्यादा लगेज है, वे निश्चिंत होकर सफर कर सकते हैं। उन्हें स्टेशन के अंदर घुसते ही तय दरों पर कुली मिल जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

