दीवाली की रात पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-दो स्थित लाल क्वार्टर इलाके में एक युवक को पड़ोसियों के झगड़े में कूदना भारी पड़ गया। पड़ोसियों के बीच हुए आपसी झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति पर हमलावरों ने बेरहमी से गंडासी से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में पीड़ित का बायां हाथ कलाई के पास से बुरी तरह कटकर अलग हो गया।
हाथ पूरी तरह से किया अगल
हमलावरों ने गंडासी से वार कर पीड़ित का हाथ शरीर से अलग कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ घायल व्यक्ति को उसका कटा हुआ हाथ जोड़ने के लिए तुरंत कई अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बावजूद हाथ दोबारा नहीं जोड़ा जा सका।
निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
फिलहाल, पीड़ित व्यक्ति को पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

