हरिद्वार कार हादसा: 6 दोस्तों की एक साथ उठी अर्थी, 2 सगे भाइयों का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार; गांव में मचा कोहराम

9.1kViews
1603 Shares

 हरिद्वार जाते समय सड़क हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों का मंगलवार सुबह गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

इनमें चार युवक राखीगढ़ी और दो युवक मोठ लुहारी गांव के रहने वाले थे। दोनों गांवों के श्मशान घाटों पर जब युवकों की अर्थियां पहुंचीं तो स्वजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

राखीगढ़ी के श्मशान घाट में चारों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में जान गंवाने वाले सगे भाइयों राहुल और अंकित को एक ही चिता पर अंतिम विदाई दी गई।

दोनों को उनके बड़े भाई संजय ने मुखाग्नि दी। साहिल को उसके भाई कृष्ण तथा अंकित मलिक को उसके भाई सोमवीर ने मुखाग्नि दी। वहीं, मोठ लुहारी के अमन और अजय का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में हुआ।

एक साथ छह दोस्तों की मौत से दोनों गांवों में शोक की लहर रही। राखीगढ़ी की गलियों में सुबह से सन्नाटा पसरा रहा। हर व्यक्ति हादसे की चर्चा करते हुए यही कह रहा था कि गांव में पहली बार इतनी बड़ी अनहोनी हुई है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

हादसे के बाद शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान करना कठिन हो गया था। साहिल की पहचान उसके हाथ और उस पर बंधे धागे से की गई। सभी युवक दोस्त थे और सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार स्नान करने के लिए निकले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *