HRTC दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए चलाएगा स्पेशल बसें, 11 और 15 नवंबर के लिए शेड्यूल जारी

8.3kViews
1634 Shares

त्योहारी सीजन में अपनों संग दीवाली और भैयादूज की छुट्टियां मनाने दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से लौटे लोगों ने अब वापसी के लिए भी एचआरटीसी की स्पेशल बसों में बुकिंग करवा ली है। अभी तक 11 और 15 नवंबर के लिए बुकिंग करवाई गई है। 11 नवंबर को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए से पांच बसें चलेंगी।

इनमें दिल्ली के लिए दो लग्जरी, जबकि तीन साधारण बसें शामिल हैं। 15 नवंबर के लिए दिल्ली के लिए दो बसें चलेंगी जो दोनों ही लग्जरी हैं।

एचआरटीसी का शेड्यूल
एचआरटीसी की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक 11 नवंबर को चलने वाली बसों में धर्मशाला से शाम सात बजे दिल्ली के लिए लग्जरी बस रवाना होगी, जबकि पालमपुर से शाम 7:30 बजे हमीरपुर होकर दिल्ली के लिए लग्जरी बस चलेगी।

धर्मशाला से चंडीगढ़ के लिए बसें

इसके अलावा धर्मशाला से दिन में 11 बजे और 11:30 बजे चंडीगढ़ के लिए दो साधारण बसें तथा सुबह 11 बजे बद्दी के लिए एक साधारण बस चलाई जाएगी।

दिल्ली के लिए लग्जरी बसें

वहीं, 15 नवंबर को दिल्ली के लिए दो लग्जरी बसों की व्यवस्था की गई है। इनमें धर्मशाला से शाम सात बजे और पालमपुर से शाम 7:30 बजे हमीरपुर होकर दिल्ली के लिए बस रवाना होगी। इस तरह दोनों तिथियों में सात विशेष बसें यात्रियों को उपलब्ध रहेंगी।

धर्मशाला मंडल से त्योहारी सीजन में चलीं 100 अतिरिक्त बसें

एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक धर्मशाला पंकज चड्ढा ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए करीब 100 अतिरिक्त बसें चलाई गई थीं। अब वापसी के दौरान भी यात्रियों की संख्या को देखते हुए व्यवस्था की जा रही है। 11 और 15 नवंबर को अधिक बुकिंग सामने आने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर बसों की उपलब्धता और संचालन पर नजर रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

मांग अनुसार अतिरिक्त बसें चलेंगी

पंकज चड्ढा ने बताया कि जिन रूटों पर एडवांस बुकिंग शुरू की गई है, यदि बसें पूरी तरह बुक हो जाती हैं और यात्रियों की मांग बनी रहती है तो जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। निगम का प्रयास है कि त्योहार के बाद नौकरी और कामकाज के सिलसिले में वापस लौटने वाले लोगों को बसों की कमी के कारण परेशानी न झेलनी पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *