ब्यूटी पार्लर की आड़ में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, लखनऊ में 32 सिलिंडर जब्त

4.9kViews
1544 Shares

सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के अहमामऊ में पूर्ति विभाग की टीम ने घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। एक मकान से 24 घरेलू और आठ व्यावसायिक समेत 32 सिलिंडर बरामद हुए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी को अहमामऊ में घरेलू सिलिंडरों के कालाबाजारी की सूचना मिली। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गोमतीनगर परवेज अख्तर, पूर्ति निरीक्षक राजाजीपुरम सत्यम मिश्र, आलमबाग के शुभम द्विवेदी और हजरतगंज के हर्ष मिश्र की टीम ने इंडियन ओवरसीज बैंक अहमामऊ के सामने गली में स्थित दो मंजिला मकान पर पहुंची।

भूतल पर न्यू लुक ब्यूटी पार्लर कास्मेटिक एंड ट्रेनिंग सेंटर में मो. सिराज निवासी जौरास, बाराबंकी मिला। कमरे में 19 भरे और पांच खाली घरेलू व छह भरे और दो खाली व्यावसायिक सिलिंडर मिले। एक हैंगिंग वेइंग मशीन, लोहे का रिफिलर और पाइप लगा रेगुलेटर बरामद हुआ। तौल में सिलिंडरों में गैस कम पाई गई, जिससे अवैध रिफिलिंग की पुष्टि हुई।

मो. सिराज ने बताया कि घरेलू सिलेंडर 16 सौ रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर 35 सौ में बेचता था। टीम ने सभी 32 सिलेंडर और उपकरण जब्त कर गोमती भारत गैस एजेंसी विरामखंड-एक के मैनेजर सुनील कुमार की सुपुर्दगी में दिए हैं।

जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आरोपित मो. सिराज के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *