‘राहुल गांधी की बात मानते रहिए और रसातल में जाते रहिए’, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का कांग्रेस पर बड़ा हमला
दिल्ली के चांदनी चौक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के शुभारंभ पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला किया।
नवीन ने कहा कि राहुल गांधी को संविधान से मतलब नहीं है और उनके नेतृत्व में कांग्रेस रसातल में जाती रहेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी कांग्रेस पर अराजकता फैलाने और एसआईआर को मुद्दा बनाने का आरोप लगाया।
नवीन ने कांग्रेस के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को सजा दे चुकी है, लेकिन पार्टी ने इससे सबक नहीं लिया।
वोटर लिस्ट लोकतंत्र का बहीखाता, घुसपैठियों के नाम हटेंगे
नितिन नवीन ने एसआईआर के समर्थन में मतदाता सूची की तुलना बहीखाते से की। उन्होंने कहा कि दीपावली पर बहीखाते को शुद्ध किया जाता है और उसी तरह लोकतंत्र का बहीखाता भी पूरी तरह शुद्ध होगा।
उन्होंने कहा, “जो सही है, उनका नाम चढ़ेगा। घुसपैठियों का नाम डिलीट होगा।” नवीन ने कहा कि इसके लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता संघर्ष करने को तैयार है।
उन्होंने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में अराजकता का कोई स्थान नहीं है और सरकार विकास को आगे बढ़ा रही है।
2029 में फिर लाल किले से तिरंगा फहराएंगे मोदी: नवीन
नितिन नवीन ने दावा किया कि 2029 में नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री के रूप में लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराते नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के विस्तार और भारत के विकास को रोका नहीं जा सकता।
नवीन ने कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने साहस दिखाया था। उन्होंने दावा किया कि देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, क्योंकि पार्टी जनता के साथ खड़ी है।
उन्होंने राहुल गांधी पर युवाओं का दर्द नहीं समझने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का नेतृत्व ऐसे हाथों में है, जो युवाओं की समस्याओं को समझते हैं, जबकि राहुल गांधी का दर्द केवल उनके परिवार तक सीमित है।
आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए नवीन ने कहा कि पार्टी आम आदमी बनकर आई थी, लेकिन अब खास हो गई है।
रेखा गुप्ता ने कहा-राहुल जैसे कांटे संभाल रहा देश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पदयात्रा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में आजकल अजीब घटनाएं हो रही हैं और इसके पीछे ऐसे नेता हैं, जिन्हें कांग्रेस बार-बार लॉन्च करने की कोशिश करती है, लेकिन हर बार यह प्रयास विफल हो जाता है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता का वोट तय करता है कि सरकार कौन बनाएगा और संविधान अपनी मर्यादा देता है। उन्होंने जनादेश को स्वीकार नहीं करने वालों पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “देश ने फूलों के गमलों में राहुल जैसे कांटे संभाल रखे हैं।” उन्होंने कहा कि अगर कोई जनता के वोट से चुनी सरकार को हटाने या ‘रिजीम चेंज’ करने के बारे में सोचता है, तो उसे यह भूल जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं।
हर्ष मल्होत्रा बोला- SIR को मोहरा बना रही कांग्रेस
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस पर प्रदर्शन के नाम पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे पर अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने के लिए शांतिपूर्ण तरीका अपनाया जा सकता है, लेकिन कांग्रेस ने अराजकता फैला रखी है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में पदयात्रा निकाली जा रही है।
मल्होत्रा ने राहुल गांधी से सवाल किया कि बंगाल में 50 साल से कांग्रेस की सरकार नहीं है, तो क्या इसके लिए एसआईआर जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में हारने के बाद कांग्रेस एसआईआर को मुहरा बना रही है।
चांदनी चौक में निकली पदयात्रा, कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन दिल्ली के चांदनी चौक में किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया।
कार्यक्रम के आरंभ के अवसर पर दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश बिधूड़ी ने भी संबोधित किया। मंच पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा, सांसद प्रवेश खंडेलवाल, रामवीर सिंह बिधूड़ी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव जयप्रकाश समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

