सलाखों के पीछे भी अटूट है सुहाग का विश्वास, गोंडा जेल में 17 महिला बंदी रखेंगी करवा चौथ का व्रत

1065 Shares

पति-पत्नी के प्रेम और विश्वास का प्रतीक करवा चौथ पर्व की तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिला कारागार में निरुद्ध 17 महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखेंगी और सलाखों के बीच चंद्रदर्शन कर पूजन करेंगी। इनमें किरन और गीता समेत कई सुहागिन महिलाएं हैं।

पति का साथ या सुख न मिलने के बावजूद उनका कहना है कि कठिन समय में भी पति के प्रति प्रेम कम नहीं हुआ। बंदी जानकी के मुताबिक, पति से नाराजगी के बाद भी वह व्रत रखेंगी। उनके लिए पति की लंबी उम्र की कामना करना धर्म है।

कुछ महिलाएं जेल में उपलब्ध साधनों से पूजन करेंगी, जबकि कुछ निर्जल व्रत रखेंगी। जेलर आफताब अहमद अंसारी ने बताया कि व्रती महिलाओं को पूजन सामग्री दी जाएगी और जेल नियमों के तहत व्रत में सहयोग किया जाएगा। बदलते दौर में पति भी पत्नी की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रख रहे हैं।

मालवीयनगर के राजू सिंधी पहले पत्नी के लिए व्रत रखते थे। अब उनके परिवार के सभी सदस्य इस परंपरा का पालन करते हैं। उनके बेटे रिशू और राबिन भी अपनी पत्नियों के साथ व्रत रखते हैं। छेदीपुरवा के वरदान मेहरोत्रा और प्रज्ञापुरम के संजय पाठक समेत कई अन्य पति भी पत्नी के प्रति प्रेम जताने के लिए व्रत रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *