करनाल के रिंडल गांव में खेत में खड़ी फसल काटने को लेकर हुए विवाद में घायल BSNL के रिटायर्ड कर्मचारी रामेश्वर की 16 दिन बाद आज इलाज के दौरान मौत हो गई। 11 तारीख को दूसरे पक्ष द्वारा खेत में कंबाइन से फसल काटने का विरोध करने पर पिता-पुत्र पर हमला किया गया था। इसके बाद दोनों को गंभीर चोटें आई थीं।
आज 16वें दिन रामेश्वर ने निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि उनका बेटा अभी गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही कुंजपुरा थाना पुलिस और डीएसपी नायब सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी
मृतक की पहचान रिंडल गांव निवासी रामेश्वर (65) के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे सोनू ने बताया कि ताऊ रामेश्वर BSNL में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे और 5 साल पहले रिटायर्ड हुए थे। इसके बाद उन्होंने अपने खेत में मंदिर बनवाया और वहीं पूजा-पाठ करने लगे। वह हर रविवार को मंदिर में पूजा करने जाते थे।
घटना वाले दिन भी वह मंदिर में ही थे। इसी दौरान ताऊ के पास बेटे ओमदत्त का फोन आया कि दूसरे पक्ष के लोग खेत में कंबाइन से उनकी फसल काट रहे हैं। इसके बाद ताऊ रामेश्वर अपने बेटे और दो अन्य साथियों के साथ खेत की तरफ गए।
खेत में फसल काटने को लेकर हुआ था विवाद
सोनू ने बताया कि ताऊ रामेश्वर के पास साल 2009 से करीब साढ़े 10 किल्ले जमीन है, जिसको लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। उनके अनुसार, कोर्ट के फैसले के मुताबिक जमीन पर रामेश्वर का कब्जा था और उन्होंने खेत में धान की फसल उगा रखी थी। सोनू का कहना है कि दूसरा पक्ष कोर्ट के फैसले को नहीं मान रहा था और फसल काटने की बात कहता था।
11 तारीख को जब दूसरा पक्ष खेत में कंबाइन से फसल काटने पहुंचा तो रामेश्वर, उनका बेटा और दो अन्य साथी मौके पर पहुंचे। सोनू के अनुसार, जैसे ही दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें गाड़ी से उतरते देखा तो गन्ने के खेत से निकलकर 15 से 20 लोगों ने पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। आरोपी तेजधार हथियारों, लाठी और डंडों से लैश होकर आए थे। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
परिवार में दो बच्चे, बेटी विदेश में
सोनू ने बताया कि ताऊ रामेश्वर के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा ओमदत्त और बेटी अन्नू है। वे दोनों शादीशुदा हैं। उनकी बेटी विदेश में रहती है, जबकि ओमदत्त अपने पिता के साथ ही रहता था। घटना वाले दिन भी ओमदत्त अपने पिता के साथ खेत में गया था। हमले में उसे भी गंभीर चोटें आई हैं। सोनू के अनुसार, ओमदत्त की हालत अभी गंभीर है और वह चलने-फिरने में असमर्थ है।
आरोपियों के वीडियो पुलिस को दिए
सोनू ने बताया कि घटना के समय गाड़ी में मौजूद युवकों ने आरोपियों की वीडियो भी बनाई थी। उनके अनुसार, वीडियो में आरोपी पिता-पुत्र के साथ मारपीट करते और गाड़ी में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। हमले में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सोनू का कहना है कि परिवार ने ये वीडियो पुलिस को सौंप दिए थे। परिवार ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
2 आरोपी पकड़े, बाकी की तलाश जारी
रामेश्वर की मौत की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे डीएसपी नायब सिंह ने बताया कि घटना 11 तारीख की है। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। 12 तारीख को पीड़ित परिवार की शिकायत मिली थी, जिसमें 8 आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

