हरियाणा में जगाधरी से कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का निकाह भाजपा के प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज खान से हुआ। निकाह की रस्में रविवार रात को नई दिल्ली में हुईं। शादी में मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े नेता पहुंचे।
बता दें कि अकरम खान साल 1999 में ओमप्रकाश चौटाला की सरकार में गृह राज्य मंत्री भी बनाए गए थे। इसके बाद वह डिप्टी स्पीकर भी रहे। वहीं साल 2010 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में डिप्टी स्पीकर रहे।
मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स हैं अफशां
दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित PSOI क्लब में निकाह की रस्में हुईं। अफशां ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि अरबाज इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का कारोबार करते हैं। दोनों की अरेंज मैरिज हुई है। कुछ दिन पहले अकरम खान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी बेटी की शादी का न्योता देने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ, बेटा, बेटी और कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी मौजूद थीं।
1996 में पहली बार विधायक बने अकरम खान
अकरम खान यमुनानगर जिले के गांव खिजरी के रहने वाले हैं। उन्होंने 1989 में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड से मैट्रिक की परीक्षा पास की। राजनीति के साथ वह कृषि कार्य से भी जुड़े हैं। अकरम खान राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता चौधरी मोहम्मद असलम खान 1987 और 1991 में छछरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे, जबकि उनके दादा चौधरी अब्दुल रशीद खान भी स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे थे।
अकरम खान ने 1996 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीतिक सफर शुरू किया। इसके बाद 2009 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर जगाधरी विधानसभा सीट से चुनाव जीता। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए। 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर जगाधरी सीट से चुनाव लड़ा और 67,403 वोट हासिल कर विधायक निर्वाचित हुए।
अटल बिहारी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे
पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन का जन्म 12 दिसंबर 1968 को बिहार के सुपौल में हुआ। उनके पिता सैयद नासिर हुसैन और मां नसीमा खातून थीं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। उन्होंने 1994 में रेणु शर्मा से शादी की। उनके दो बेटे हैं—अरबाज हुसैन और अदीब हुसैन।
शाहनवाज हुसैन 1999 में बिहार की किशनगंज लोकसभा सीट से पहली बार सांसद चुने गए। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, कोयला, नागरिक उड्डयन और कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली। सितंबर 2001 में वे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री बने। वे 2006 और 2009 में भागलपुर से भी सांसद चुने गए। फरवरी 2021 में उन्हें बिहार की नीतीश कुमार सरकार में उद्योग मंत्री बनाया गया और वे अगस्त 2022 तक इस पद पर रहे। फिलहाल वह भाजपा के राष्ट्रिय प्रवक्ता हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

