सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज कारोबार के विरुद्ध प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार एवं जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सोमवार 20 जुलाई 2026 को एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान एनसीएल निगाही परियोजना के समीप बड़े पैमाने पर अवैध रूप से भंडारित कोयला जब्त किया गया। इस कार्रवाई में लगभग 32 टन लावारिस अवैध कोयला बरामद हुआ, जिसे नियमानुसार जब्त कर पुलिस थाना मोरवा में सुरक्षार्थ रखवा दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने रेंजर फॉरेस्ट विभाग तथा एनसीएल के सुरक्षाकर्मियों के सहयोग से संयुक्त जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एनसीएल निगाही खदान के समीप रेलवे लाइन से लगभग 200 मीटर की दूरी पर अवैध रूप से कोयले का भंडारण पाया गया। मौके पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कोयले के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा भंडारण लावारिस पाए जाने पर पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।

खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के निर्देशन में लगातार जारी है कार्रवाई
जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल के दिनों में रेत, गिट्टी, मिट्टी और कोयले के अवैध कारोबार पर विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में निगाही क्षेत्र में की गई यह कार्रवाई भी विभाग की सक्रिय कार्यशैली को दर्शाती है।
खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिले में कहीं भी अवैध खनिज गतिविधियां पाए जाने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभाग का उद्देश्य खनिज संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
खनिज नियमों के तहत आगे की कार्रवाई जारी
जब्त किए गए लगभग 32 टन कोयले को पुलिस थाना मोरवा में सुरक्षित रखा गया है। मामले में खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब यह भी जांच करेगा कि उक्त कोयला कहां से लाया गया था तथा इसके अवैध भंडारण के पीछे कौन लोग शामिल हैं। जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

