कैमरे के सामने महिला ने लिया सोनू गुप्ता का नाम, शगुन स्पा सेंटर का नाम लेकर जिस्मफरोशी के लिए दबाव बनाने का आरोप!

6.6kViews
1719 Shares

सिंगरौली। शहर में संचालित स्पा और होम मसाज सेंटरों की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में कैमरे के सामने आई एक महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने पुलिस की जांच और कार्रवाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है। महिला ने सार्वजनिक रूप से सामने आकर सोनू गुप्ता का नाम लेते हुए शगुन स्पा सेंटर के नाम पर कथित रूप से जिस्मफरोशी के लिए दबाव बनाए जाने, मारपीट और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

मामला सामने आने के बाद पुलिस द्वारा जांच शुरू किए जाने की बात कही गई, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच में आखिर सामने क्या आया? महिला के आरोपों की पुष्टि हुई या उन्हें निराधार पाया गया? यदि आरोप गलत थे तो पुलिस ने इसकी स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट क्यों नहीं की? और यदि आरोपों में प्रथम दृष्टया सच्चाई थी तो कार्रवाई कहां तक पहुंची?

कैमरे के सामने लगाए गंभीर आरोप, फिर जांच पर खामोशी क्यों?

बताया जा रहा है कि महिला ने मीडिया के कैमरे के सामने अपनी बात रखते हुए आरोप लगाया था कि उसे शगुन स्पा सेंटर का नाम लेकर कथित तौर पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। महिला ने इस दौरान मारपीट और धमकी जैसे आरोप भी लगाए।मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि आरोप किसी बंद कमरे में कही गई अनौपचारिक बात तक सीमित नहीं रहे, बल्कि महिला ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। ऐसे में स्वाभाविक रूप से सवाल उठता है कि कोतवाली पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर किन-किन लोगों से पूछताछ की?

  • क्या सोनू गुप्ता से पूछताछ हुई?
  • क्या स्पा सेंटर के संचालक अथवा कर्मचारियों के बयान लिए गए?
  • क्या सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए?
  • क्या मोबाइल कॉल डिटेल अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच हुई?

17 जुलाई का वीडियो, लेकिन कहानी अभी भी अधूरी!

मामले से जुड़े एक वीडियो को लेकर बताया गया कि 17 जुलाई को महिला ने कोतवाली के सामने मीडिया से बातचीत करते हुए सोनू गुप्ता और शगुन स्पा सेंटर का नाम लिया था। इसके बाद महिला के कथित यूटर्न की चर्चा भी सामने आई। यही घटनाक्रम अब पूरे मामले को और पेचीदा बना रहा है। यदि महिला ने पहले गंभीर आरोप लगाए और बाद में अपना बयान बदल दिया, तो पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बयान बदलने की वजह क्या थी? क्या महिला पर किसी प्रकार का दबाव था या उसने स्वेच्छा से अपना बयान बदला? अथवा शुरुआती आरोप ही गलत थे? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि किसी भी गंभीर शिकायत में शिकायतकर्ता के बयान में बदलाव स्वयं जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है।

मेडिकल और क्रॉस एनसीआर के बाद जांच कहां पहुंची?

मामले में मेडिकल और क्रॉस एनसीआर दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। लेकिन इसके बाद पुलिस की जांच किस दिशा में गई, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अगर मेडिकल कराया गया था तो उसकी रिपोर्ट में क्या सामने आया? क्रॉस एनसीआर के बाद पुलिस ने किन बिंदुओं पर जांच की? स्पा सेंटर की जांच की गई या नहीं? वहां मौजूद कर्मचारियों और संचालकों के बयान लिए गए या नहीं? जांच हुई है तो उसका निष्कर्ष क्या है और यदि जांच अभी जारी है तो कितने समय तक? यही वे सवाल हैं जिनका जवाब अब पुलिस को देना चाहिए।

सिर्फ एक महिला का मामला नहीं, शहर के स्पा सेंटरों की निगरानी पर भी सवाल

यह पूरा मामला अब सिर्फ महिला द्वारा लगाए गए आरोपों तक सीमित नहीं रह गया है। इससे सिंगरौली शहर में संचालित स्पा एवं होम मसाज सेंटरों की वैधता, लाइसेंस, कर्मचारियों के सत्यापन और नियमित निरीक्षण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।अब सवाल ये है कि आखिर शहर में संचालित ऐसे सेंटरों की नियमित जांच किस विभाग की जिम्मेदारी है? क्या सभी सेंटरों के लाइसेंस और कर्मचारियों का रिकॉर्ड जांचा जाता है? क्या पुलिस अथवा प्रशासन द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है? यदि नियमित निरीक्षण होता है तो फिर इस तरह के गंभीर आरोप सामने आने की नौबत क्यों आई?

‘सोनू गुप्ता’ के नाम की चर्चा ने बढ़ाई मामले की गर्मी

महिला द्वारा कथित तौर पर सोनू गुप्ता का नाम लिए जाने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। हालांकि किसी व्यक्ति के खिलाफ लगाए गए आरोपों को जांच और न्यायिक प्रक्रिया में साबित होने तक आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए।लेकिन सवाल यह है कि जब किसी व्यक्ति का नाम लेकर इतने गंभीर आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं, तो पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच किस स्तर तक की है?

पुलिस के सामने पांच बड़े सवाल

  1. महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच अब किस स्थिति में है?
  2. क्या सोनू गुप्ता से पुलिस ने पूछताछ की?
  3. क्या शगुन स्पा सेंटर का लाइसेंस और रिकॉर्ड जांचा गया?
  4. क्या सेंटर के सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों की जानकारी जुटाई गई?
  5. महिला के कथित यूटर्न के पीछे की वजह पुलिस ने जांची या नहीं?

पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आरोपों की सच्चाई क्या है? यदि महिला द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं तो पुलिस को जांच का निष्कर्ष सामने रखकर स्थिति साफ करनी चाहिए। लेकिन यदि आरोपों में दम है तो फिर दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई दे रही?

सिंगरौली जैसे तेजी से बढ़ते शहर में स्पा और होम मसाज सेंटरों की आड़ में यदि कोई अवैध गतिविधि चल रही है तो उस पर सख्त निगरानी जरूरी है। वहीं किसी निर्दोष व्यक्ति पर लगाए गए आरोप भी गंभीर विषय हैं और उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।इसलिए जरूरत आरोपों को हवा देने की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच के जरिए सच सामने लाने की है। अब निगाहें कोतवाली पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच के आधिकारिक निष्कर्ष पर टिकी हैं। सवाल सिर्फ इतना है—कैमरे के सामने लगाए गए गंभीर आरोपों की फाइल आखिर किस मोड़ पर पहुंची और उसका सच जनता के सामने कब आएगा?

अगले अंक में: नवानगर में जिस्मफरोशी के धंधे का दलाल ‘चौबे’ कौन?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *