सिंगरौली: रजमिलान-बधौरा रोड पर अडानी के कोयला वाहन की टक्कर से एक महिला की गई जान, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

1382 Shares

सिंगरौली| जिले के बंधौरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत रजमिलान-बधौरा मार्ग पर अडानी परियोजना से जुड़े कोयला परिवहन वाहन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

घटना माड़ा थाना के बंधौरा चौकी क्षेत्र के रैला स्थित कुड़िया नदी के समीप की बताई जा रही है, जहां कोयला परिवहन के दौरान एक भारी वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई ।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं ।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और अव्यवस्थित परिवहन के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया ।

ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार तथा कोयला परिवहन के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित व्यवस्था लागू करने की मांग की है ।

हालात को नियंत्रित करने के लिए माड़ा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *