‘विकसित दिल्ली के लिए सरकार और नागरिक को मिलकर करना होगा काम’, LG तरनजीत सिंह संधू ने की अपील

1021 Shares

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने लोक निवास में ध्वजारोहण किया और दिल्लीवासियों से दिल्ली को विश्व का सबसे सुंदर राजधानी बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन शक्ति की सप्तधारा दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण है। दिल्लीवासियों को इसे आधार बनाकर विकसित भारत- 2047 की दिशा में राष्ट्र की यात्रा का नेतृत्व करना चाहिए। उनका लक्ष्य विकसित दिल्ली का निर्माण होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उनके लिए दिल्ली की सेवा केवल एक प्रशासनिक कर्तव्य नहीं बल्कि एक पवित्र जिम्मेदारी है, क्योंकि वे पिछले 50 वर्षों से इस शहर को जानते हैं और यहां काम कर चुके हैं। यहां का हर जिला, सड़क और मोहल्ला अपनी खुद की कहानी कहता है। यहां शासन का दृष्टिकोण प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास के संकल्प में निहित होना चाहिए।

दिल्ली की विरासत का कायाकल्प करने के लिए काम करना होगा: LG

यमुना की सफाई, वायु प्रदूषण से निपटना, सभी के लिए आवास, सस्ती स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दिल्ली की विरासत का कायाकल्प करने के लिए काम करना होगा। केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, नगर निकायों, पड़ोसी राज्यों और नागरिकों के बीच निर्बाध समन्वय की आवश्यकता है जिससे कि जटिल चुनौतियों को स्थायी अवसरों में बदला जा सके।उन्होंने कहा कि युवा दिल्ली के भविष्य के निर्माता हैं। उनकी ऊर्जा, रचनात्मक विचार और नागरिक भावना आधुनिक दिल्ली की असली ताकत है। उन्होंने नागरिकों से अपने मोहल्लों को साफ रखने, सार्वजनिक स्थानों की रक्षा करने और अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। सरकार सुंदर सार्वजनिक स्थान तो बना सकती है, लेकिन नागरिक ही उसे उसी रूप में बनाए रख सकते हैं। पुलिस दल ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *