झारखंड: मवेशियों से लदे 21 ट्रकों के काफिले ने मचाया हड़कंप, हजारीबाग पुलिस ने रोककर शुरू की जांच

1849 Shares

बरही थाना क्षेत्र के करियातपुर नईटांड़ के पास जीटी रोड पर शनिवार अहले सुबह करीब पांच बजे गश्ती के दौरान पुलिस ने कतार से गुजर रहे 21 ट्रकों को रोककर जांच शुरू की।

बताया गया कि सभी वाहनों में गोवंशीय पशु लदे हैं। ट्रकों के आगे और पीछे एनीमल कैरियर के बैनर लगे थे। बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार ने बताया कि वाहनों को रोककर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

जांच के क्रम में पशुओं के सुरक्षित रखरखाव के लिए बरकट्ठा पुलिस के सहयोग से फिलहाल उन्हें घंगरी में उतारकर रखा जा रहा है। पुलिस पशु व परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ यह भी सत्यापित कर रही है कि पशु दुधारू हैं या अवैध तरीके से ले जाए जा रहे हैं।

पशु मालिकों के साथ वकील भी

इधर, पशु मालिकों ने पुलिस को बताया कि वे बिहार के काराकाट मवेशी मेला से बंगाल के विभिन्न खटालों के लिए पशु ले जा रहे हैं। उनके अनुसार, 20 ट्रकों में भैंस व उनके बच्चे तथा एक ट्रक में गाय व उनके बछड़े हैं। उनके पास मेला से खरीद के कागजात, टैक्स जमा करने के प्रमाण और परिवहन संबंधी दस्तावेज हैं।पशु मालिकों के साथ एक महिला अधिवक्ता भी कार से चल रही हैं, जो प्रशासन को आवश्यक कानूनी जानकारी दे रही है, हालांकि जिसे महिला अधिवक्ता बताया जा रहा है वह पत्रकारों को बयान देने से इंकार कर दिया।

वहीं, पुलिस ने बरही पशुपालन विभाग के कर्मी को भी जांच के लिए बुलाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, मवेशियों से लदे 21 ट्रकों का काफिला रोके जाने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *