खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के इशारे पर भारत विरोधी तत्व स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
इसमें बताया गया है कि पाकिस्तान न केवल सीमावर्ती इलाकों में बड़ा हमला करने की कोशिश कर सकता है, बल्कि देश के अंदर भी जगहों को निशाना बना सकता है। इन सूचनाओं के बीच देश की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
इंटेलिजेंस ब्यूरो (आइबी) के एक अधिकारी ने कहा कि आईएसआई को लगता है कि दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों का फोकस अधिकतर 15 अगस्त समारोह के आसपास होगा।
आईएसआई इसका फायदा उठाने की कोशिश कर रही है और स्वतंत्रता दिवस पर या उससे पहले कुछ बड़ा करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि ये तत्व पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिश करेंगे।
बांग्लादेश सीमा के जरिये भी आतंकियों को भेजने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा आईएसआई का मकसद टियर-टू शहरों में भी हमला करना है, जहां मेट्रो और दूसरे बड़े शहरों के मुकाबले सुरक्षा आम तौर पर कम होती है।
अधिकारी ने कहा कि सीमापार की बातचीत से साफ पता चलता है कि आईएसआई दबाव में है। गुलाम जम्मू-कश्मीर और बलूचिस्तान जैसे इलाकों में उथल-पुथल की वजह से पाकिस्तानी सिस्टम बैकफुट पर है। वह ध्यान भटकाने की बड़ी कोशिश कर रहा है और स्वतंत्रता दिवस पर भारत में हमला करने से यह मकसद पूरा हो जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

