गुरुग्राम में जलभराव का मजाक उड़ाना पड़ा भारी, Cars24 पर लगा 50 हजार का जुर्माना

4.7kViews
1900 Shares

प्रशासन की खामियों को तंज मारकर सार्वजनिक करने के लिए कार्स-24 कंपनी पर ट्रैफिक पुलिस ने 50 हजार का जुर्माना लगाया है। यह आरोप है कंपनी की ब्रांड एंड कम्युनिकेशन हेड का। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। 

जलभराव में उतार दी थी नाव

शहर में शुक्रवार व शनिवार को हुई भारी वर्षा के बाद सड़कों पर हुए जलभराव का मजाक उड़ाना एक कंपनी को भारी पड़ गया। कार्स-24 कंपनी ने शीतला माता मंदिर रोड पर अपने लोगो वाली नाव उतार दी और इसके फोटो भी सोशल मीडिया पर साझा किए।साथ ही, अब कंपनी की तरफ से सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई की भी जानकारी दी गई है। कंपनी ने बताया कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने नाव को सीज कर लिया और कंपनी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

लिंक्डइन अकाउंट पर शेयर की पोस्ट

शनिवार को गुरुग्राम में लगातार वर्षा के कारण कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया था। इस दौरान शहरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। कंपनी पर जुर्माना लगाने की जानकारी तब सामने आई जब कंपनी की ब्रांड एंड कम्युनिकेशन हेड प्राची शर्मा ने अपने लिंक्डइन अकाउंट पर पोस्ट साझा की।

ट्रैफिक पुलिस ने नहीं जारी किया कोई बयान

उन्होंने लिखा कि प्रशासन की नाकामी पर मजाक करने के लिए उनकी टीम ने शनिवार को नाव उतारी थी लेकिन कुछ ही मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई और नाव जब्त कर ली। अब कंपनी को 50 हजार रुपये का चालान भी थमा दिया गया है।

हालांकि, प्राची शर्मा ने जुर्माने की काॅपी सार्वजनिक नहीं की। वहीं, इस बारे में गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *