राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा में सफल सारण के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जिले के सभी प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराया गया है, जहां से छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबंधित बीआरसी से संपर्क करने को कहा गया है।
राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण को निर्देश जारी करते हुए परीक्षा परिणाम वितरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा है।
परिषद के अनुसार, 11 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना परीक्षा (शैक्षणिक वर्ष 2025-26) का परिणाम पूर्व में प्रकाशित किया जा चुका है। सफल अभ्यर्थियों को कक्षा नौवीं से बारहवीं तक अध्ययन के दौरान केंद्र सरकार की ओर से प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए चयनित विद्यार्थियों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन का सत्यापन पहले विद्यालय स्तर पर तथा उसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा किया जाएगा।
सत्यापन पूरा होने के बाद आवेदन शिक्षा मंत्रालय को भेजा जाएगा, जहां से स्वीकृति मिलने पर राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
एससीईआरटी ने निर्देश दिया है कि परिषद से प्राप्त रिजल्ट कार्ड को जल्द से जल्द विद्यार्थियों को उपलब्ध करा दिए जाएं। जिले में इसके लिए संबंधित बीआरसी को वितरण केंद्र बनाया गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

