खेतों से रणजी तक का सफर, कर्नल सीके नायडू में 184 रन ठोकने वाले आदर्श सिंह का यूपी की रणजी टीम में पदार्पण

9.1kViews
1471 Shares

उत्तर प्रदेश क्रिकेट के उभरते हुए बाएं हाथ का आक्रामक बल्लेबाज आदर्श सिंह का रणजी में पदार्पण हो गया है। दो से पांच नवंबर तक ग्रीन पार्क में खेले जा रहे रणजी ट्राफी मुकाबले में आदर्श बड़ौदा के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे।

इस सीजन कर्नल सीके नायडू ट्राफी में आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आदर्श ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 184 रनों की मैराथन पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। बल्लेबाजी स्किल व आक्रामक खेल में माहिर आदर्श पिछले सीजन अंडर-23 स्टेट वनडे ट्राफी में मुंबई के खिलाफ 223 रन की मैराथन पारी खेलकर चर्चा बटोर चुके हैं।

बोर्ड ट्राफी में लगातार बड़ी पारी खेलकर आदर्श ने उत्तर प्रदेश की रणजी टीम का टिकट हासिल किया। इस सीजन प्रदेश की रणजी टीम में जगह बनाने वाले आदर्श पहले बल्लेबाज बन गए हैं। जौनपुर के खेत में टेनिस बाल से चौके-छक्के लगाने वाला लड़का प्रदेश क्रिकेट का सबसे धाकड़ सलामी बल्लेबाज बन जाएगा।

यह किसी ने सोचा नहीं होगा। यूपी टी-20 लीग की खोज रहे बल्लेबाज आदर्श सिंह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की घरेलू शृंखला कर्नल सीके नायडू ट्राफी में बल्ले का दम दिखाने के बाद अब रणजी ट्राफी में बल्लेबाजी का जौहर दिखाएंगे। आदर्श प्रदेश क्रिकेट में बड़ी पारियों के आदर्श बल्लेबाज के रूप में पहचान बना चुके हैं।

मूलरूप से जौनपुर निवासी किसान नरेंद्र सिंह के बेटे आदर्श सिंह दमदार बल्लेबाजी स्किल के चलते मैच दर मैच बड़ी पारी खेल रहे हैं। उप्र की अंडर-19 टीम से खेलने वाले आदर्श चैलेंजर ट्राफी में उत्तर प्रदेश की कप्तानी कर चुके हैं। वे इससे पहले भारत की अंडर-19 ए टीम का हिस्सा भी बन चुके हैं।

अंडर-14, 16, 19 व 23 में दिखा चुके दम
सलामी बल्लेबाज आदर्श उप्र की अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 टीम में दम दिखा चुके हैं। नए सीजन की शुरुआत में आदर्श के हुनर को देखते हुए प्रदेश की सीनियर चयन समिति ने उन्हें कर्नल सीके नायडू के साथ रणजी कैंप में शामिल किया था।

इसके बाद अंडर-23 ट्राफी में आंध्र के खिलाफ दमदार पारी खेलकर आदर्श ने सीनियर टीम की दावेदारी पेश की थी। वे शहर में पहली बार हुई कानपुर प्रीमियर लीग में आदर्श सर्वाधिक 455 रन बनाकर मैन आफ द सीरीज रहे। वे यूपी टी-20 लीग में कानपुर सुपर स्टार की ओर से भी कई दमदार पारी खेल चुके हैं।

300 रन के पार पहुंचा बड़ौदा
ग्रीन पार्क स्टेडियम में उत्तर प्रदेश बनाम बड़ौदा के बीच दूसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। पहले दिन टास जीतकर बड़ौदा की टीम ने 87 ओवर में छह विकेट पर 269 रन बना लिए थे। बल्लेबाज ध्रुव ने 124, शाश्वत ने 47 और मितेश पटेल ने 49 रन का योगदान दिया। दूसरे दिन बड़ौदा की पारी की शुरुआत कप्तान अतीत सेठ और मनन सोलंकी ने की। कप्तान अतीत 35 रन बनाकर आउट हो गए हैं। सोलंकी 18 और महेश शून्य पर खेल रहे हैं। बड़ौदा का स्कोर 99 ओवर में सात विकेट पर 303 रन हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *