पिछले तीन दिन से सुबह और शाम और कभी दोपहर में वर्षा का सिलसिला जारी है। बुधवार को भोर पहर से झमाझम वर्षा शुरू हो गई। इससे शहर में जलभराव हो गया लेकिन जिला प्रशासन और स्कूलों की ओर से अवकाश घोषित नहीं किया गया। वहीं, स्कूल पहुंचते ही छुट्टी का नोटिस देख अभिभावक भड़क गए।
किदवई नगर स्थित यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय, किदवई नगर में पढ़ने वाले बच्चों की परीक्षा थी। अभिभावक बच्चों को लेकर भीगते हुए स्कूल पहुंचे। गेट पर वर्षा होने की वजह से अवकाश किए जाने का नोटिस चस्पा मिला। ये पढ़कर अभिभावकों का धैर्य जवाब दे गया।
45 मिनट तक चला हंगामा
गेट पर खड़े कर्मचारियों से नाराजगी जताई। देखते ही देखते और अभिभावक भी एकत्रित हो गए। करीब 45 मिनट तक अभिभावकों का हंगामा चला और स्टाफ से तीखी बहस हुई। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि समय रहते स्कूल स्टाफ की ओर से अवकाश का मैसेज नहीं डाला गया। बच्चों के भीगने से बीमार होने का अंदेशा बढ़ गया है।
स्कूल के बाहर गड्ढे में छात्रा का पैर फंसा, लगी चोट
वहीं, स्कूल के बाहर जलमग्न गड्ढा में एक छात्रा का पैर फंसने से चोट लग गई। प्रिंसिपल रागिनी राठौर ने बताया कि सुबह आठ बजे का स्कूल था। कई बच्चे घर से निकल चुके थे। अधिकांश बच्चे परीक्षा की वजह ये स्कूल आ गए थे। उन्हें प्रवेश दिया गया। जो देर से आए, उनके लिए अवकाश का नोटिस लगाया था। उन बच्चों की परीक्षा बाद में भी कराने के लिए कहा गया। इसी बात पर अभिभावकों ने नाराजगी जताई। हालांकि सभी को शांत कराकर भेज दिया गया।
वर्षा में भीगते हुए स्कूल पहुंचे बच्चे, अवकाश सा माहौल
मानसून के सक्रिय होने के बाद रविवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला बुधवार सुबह तक जारी रहा। वर्षा की वजह से सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में अवकाश सा माहौल रहा। कैंट, सिविल लाइंस, कल्याणपुर, आजाद नगर, नवाबगंज, केशवपुर, किदवई नगर, रतनलाल नगर, नौबस्ता में संचालित स्कूलों में घोषित अवकाश तो नहीं लेकिन छुट्टी जैसा माहौल रहा। कुछ स्कूलों ने अवकाश का मैसेज भी जारी किया लेकिन सुबह जब अभिभावकों तक यह संदेश पहुंचा, तब तक अधिकतर बच्चे भीगते हुए विद्यालय पहुंच गए थे। फिर वहां से उन्हें भीगते ही वापस आना पड़ा।
जगह-जगह जलभराव से जूझते दिखे स्कूली बच्चे, शिक्षक
शहर व ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में जलभराव होने की वजह से शिक्षक व शिक्षिकाओं समेत बच्चों को कमरों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल में छात्रों की सामान्य दिनों की तुलना में कम होने से शिक्षकों ने बच्चों को पाठ्यक्रम रिवाइज कराया। बीएसए हरिओम सिंह ने बताया कि वर्षा के अलर्ट को लेकर उच्चाधिकारियों का आदेश आने के बाद स्कूल बंद करने का पत्र जारी किया जाएगा।
दो दिन तक वर्षा का अलर्ट, स्कूलों में अवकाश की मांग
मौसम विभाग ने अगले सात अगस्त तक वर्षा का अलर्ट जारी किया है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक महासभा के प्रांतीय संयोजक अनुग्रह त्रिपाठी ने खराब मौसम को देखते हुए अध्ययनरत छात्रों की सुरक्षा के लिए आगामी तीन दिन तक विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप यादव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मौसम सामान्य होने तक छात्र हित में समस्त विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

