जमशेदपुर में उपायुक्त कार्यालय के सामने झारखंड आंदोलनकारियों का प्रदर्शन, मुख्य सड़क जाम

8.7kViews
1704 Shares
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (DC) के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।
आंदोलनकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय (उपायुक्त कार्यालय) के सामने एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने साकची से उपायुक्त कार्यालय होते हुए मानगो जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के उल्लंघन का आरोप

आंदोलनकारियों का आरोप है कि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। वर्ष 2025 में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से एक आधिकारिक पत्र जारी कर आदेश दिया गया था।
इसमें कहा गया था कि राज्य के सभी चिह्नित झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाए। हालांकि, पूर्वी सिंहभूम जिले में आज तक इस आदेश पर अमल नहीं हो सका है।

विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आंदोलनकारी, केबिन से बाहर आने की मांग

इसी उपेक्षा और प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी एकजुट होकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।
प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों की मांग है कि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त अपने केबिन से बाहर निकलकर खुद धरना स्थल पर आएं और सभी आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र सौंपकर सम्मानित करें।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें उनका हक और सम्मान नहीं मिलता, उनका विरोध जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *