गोरखपुर में अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, परिजनों ने जमकर काटा हंगामा

8.4kViews
1400 Shares

अपेंडिक्स के आपरेशन के बाद मरीज की मौत को लेकर मंगलवार सुबह शाही ग्लोबल अस्पताल में स्वजन ने हंगामा किया।

स्वजन ने अस्पताल के डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि आपरेशन के बाद मरीज की हालत बिगड़ी, लेकिन समय रहते उचित उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।

सेमरा मंझरिया निवासी राकेश यादव को अपेंडिक्स की शिकायत थी। स्वजन के अनुसार, पांच अगस्त को उन्हें शाही ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां दूरबीन विधि से अपेंडिक्स का आपरेशन किया गया। उपचार के बाद सात अगस्त को मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इसके बाद नौ अगस्त को अचानक राकेश की तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उन्हें लेकर दोबारा अस्पताल पहुंचे। डाक्टरों ने जांच की। अस्पताल के निदेशक डॉ. शिव शंकर शाही के अनुसार, जांच में मरीज को हार्ट अटैक की जानकारी सामने आई।उसे बाइपास सर्जरी की आवश्यकता थी। मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे आगे की चिकित्सा के लिए रेफर किया गया। स्वजन मरीज को लेकर लखनऊ चले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मंगलवार को लखनऊ से लौटने के बाद स्वजन अस्पताल पहुंचे और डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही।

स्वजन आपरेशन और उसके बाद मरीज की बिगड़ी हालत को लेकर सवाल उठा रहे थे। उनका आरोप था कि यदि समय रहते मरीज को बेहतर उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल जाती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।

वहीं अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टरों पर लगाए गए लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। निदेशक डा. शिव शंकर शाही ने बताया कि मरीज का अपेंडिक्स का आपरेशन किया गया था और उसे स्वस्थ हालत में सात अगस्त को डिस्चार्ज किया गया था। नौ अगस्त को हार्ट अटैक आने के बाद उसे अस्पताल लाया गया।

जांच के बाद हृदय संबंधी गंभीर समस्या की आशंका पर बाइपास सर्जरी की जरूरत थी, इसलिए मरीज को रेफर कर दिया गया। उसकी मौत लखनऊ में हुई है। अस्पताल लौटकर स्वजन द्वारा हंगामा किए जाने की जानकारी पुलिस को भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *