भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या, दो दिन पहले रखा घरेलू सहायक फरार

6.5kViews
1810 Shares

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार सुबह एक रिटायर्ड IAS अधिकारी की उनके घर में हत्या का मामला सामने आया है। राकेश अग्रवाल का शव रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर स्थित उनके घर से बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस को धारदार हथियार से हमला किए जाने की जानकारी मिली है।

जानकारी के मुताबिक, राकेश अग्रवाल अपने परिवार के साथ सूरजनगर में रहते थे। पुलिस की शुरुआती जांच में घर में काम करने वाले एक नए घरेलू सहायक पर शक जताया गया है। बताया जा रहा है कि उसे करीब दो दिन पहले ही काम पर रखा गया था और घटना के बाद से वह लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में घरेलू सहायक की क्या भूमिका है और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *