अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप मेडल जीतने वालों को मिली नीरज चोपड़ा से शाबाशी, कहा- ‘लय बनाए रखना’
दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने सोमवार को विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वे इस सफलता की लय को बनाए रखें।
अमेरिका के यूजीन में आयोजित इस चैंपियनशिप में भारत ने दो रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक जीते। इसके साथ ही भारत ने 2021 और 2022 चरणों के अपने सर्वश्रेष्ठ तीन पदकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
विजेताओं को दी बधाई
साल 2016 में विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में भाला फेंक का स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज ने कहा कि पदक जीतने के अलावा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का महत्वपूर्ण अनुभव भी मिला है। नीरज ने एक्स पर लिखा कि विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले पूरे भारतीय दल को बधाई। आप सभी ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और सिर्फ पदक ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अहम अनुभव भी हासिल किया। इस लय को बनाए रखें।
ये तो शुरुआत है
नीरज ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि बसंत कुमार मेघवाल और शहनवाज खान के लिए यह कई उपलब्धियों की शुरुआत है। उन्होंने क्रमशः पुरुष ऊंची कूद और लंबी कूद में रजत और कांस्य पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों और पर्दे के पीछे उनकी प्रतिभा को निखारने वाली पूरी टीम को बधाई।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

