स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की बीसीसीएल को दो टूक चेतावनी, भू-धंसान पीड़ितों को बसाओ वरना कोयला नहीं निकलेगा
झारखंड के स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी ने कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई बीसीसीएल को छाताबाद भू-धंसान प्रभावितों के पुनर्वास को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है-अगर पुनर्वास नहीं हुआ तो कोयले का एक टुकड़ा भी बाहर जाने नहीं दिया जाएगा।
धनबाद के छाताबाद में भू-धंसान से दर्जनभर घर जमींदोज हो गए हैं। रविवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। मंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आस पड़ोस के लोगों से मिलकर घटना की जानकारी लिया।
इससे पूर्व ईस्ट कतरास स्थित जीटीएस आउटसोर्सिंग के समीप आशियाना बचाओ आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आपना समर्थन दिया। जहां उन्होंने धरना पर बैठे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि छाताबाद में भू-धंसान की घटना काफी निंदनीय है।
बीसीसीएल और सीआइएसएफ पर आरोप
उन्होंने कहा कि भू-धंसान के लिए बीसीसीएल प्रबंधन व सीआईएसएफ जिम्मेदार है। इन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि अगर एक भी ग्रामीणों को फंसाया गया तो कोयले का एक टुकड़ा बाहर नहीं जाने दूंगा। उन्होंने कहा कि मेरा मोबाइल नंबर रख लो कोई परेशानी हो तो बताना।
उन्होंने थाना प्रभारी को भी सहानुभूति बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन सचेत रहती तो ऐसी घटना नहीं होती। उन्होंने कहा कि धनबाद और बाघमारा में सांसद,विधायक भाजपा का है, इनसे कोई उम्मीद करना बेमानी होगी। उन्होंने बाघमारा सीओ एवं कतरास थानादार को भी चेताया।
पुनर्वास और मुआवजे पर जोर
उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन से डेंजर जोन घोषित करने को कहा। छाताबाद के लोगों के पीड़ा से मैं काफी आहत हूं। बीसीसीएल और सीआईएसएफ के मिली भगत से कोयला चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना से मुख्यमंत्री को अवगत कराऊंगा ताकि प्रभावित परिवार को इंसाफ मिल सके। यहां के लोगों की समस्या का जब तक हल नहीं होगा यहां धरना जारी रहेगा। मैं छाताबाद के जनता के साथ खड़ा हूं।
उन्होंने कहा कि भू-धंसान से प्रभावित लोगों छाताबाद के आसपास बसना होगा। अगर बीसीसीएल के पास जमीन नहीं है तो सरकार से बात करें. लोग कोसों दूर जाकर नहीं बसेगें। प्रबंधन पीड़ित परिवार को उनको यहीं आसपास में आशियाना दे।
आशियाना बचाओ आंदोलन को समर्थन
उन्होंने सांसद विधायक पर तंज करते हुए कहा कि जात और धर्म के नाम पर हम भेदभाव नहीं करते हैं। आप अपनी समस्याओं के प्रति मुखर रहे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बुलडोजर वाली नहीं, बसाने वाली सरकार है। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि छताबाद की घटना बहुत बड़ी त्रासदी है। यहां भयानक घटना हुई है। दर्जनों लोगों के आशियाना जमींदोज हो गया है।
बीसीसीएल द्वारा राहत कार्य में तेजी नहीं लाये जाने पर नाराजगी जताई। जिनके घर भू-धंसान में गिर गया है। सरकार मुआवजा देगी। आपदा विभाग गंभीर है। यहां के रैयत कोयला का मालिक है। धरना दे रहे लोगों को बीसीसीएल प्रबंधन धमकाने की भूल नहीं करें।
थानादार और सीओ को यहां के स्थानीय लोगों से वार्ता कर समस्या को समाधान करने का काम करें, यह जनता की सरकार है। उन्होंने कहा कि यहां के अल्पसंख्यक परेशान हैं। सांसद, विधायक की जिम्मेदारी है कि संकट में इनके आंसू पोंछे। अगर सांसद व विधायक नहीं करते हैं तो बताएं इरफान अंसारी जिंदा है।
आपदा विभाग के मंत्री होने के नाते मैं अपनी जिम्मेदारी से नहीं भाग सकता हूं। मौके पर पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो, किरण महतो, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप पांडेय, मनोज यादव, राजाराम यादव, रंजीत पांडेय, जावेद रजा, बलराम महतो, सौकत खान, मासूम खान, रोबिन पाल, जियाउल हक आदि मौजूद थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

