गाय पकड़ने वाले MCD कर्मचारियों से मारपीट और डेयरी माफिया पर चर्चा, दिल्ली विधानसभा में उठी सख्त कानून की मांग

7.3kViews
1280 Shares

दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को बेसहारा पशुओं और अवैध डेयरियों की समस्या को लेकर सदन में जोरदार चर्चा हुई। विधायकों ने राजधानी की सड़कों पर घूम रहीं बेसहारा गायों से बढ़ते हादसों, अवैध डेयरी संचालन और नगर निगम कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट का मुद्दा उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

साथ ही, बोरवेल को नियमित करने के लिए मांगे गए ऑनलाइन आवेदन के आधार पर कुछ लोगों द्वारा उस सूची का इस्तेमाल कर ब्लैकमेलिंग कर जबरन वसूली का भी मुद्दा उठाया गया।इन विषयों को सुनकर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मामले को गंभीर बताते हुए एमसीडी से रिपोर्ट लेकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

डेयरी माफिया और एमसीडी की मिलीभगत का आरोप

भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि दिल्ली में निराश्रित पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है और इसके कारण सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी और डेयरी मालिकों के बीच मिलीभगत का खेल चलता रहता है।

वहीं, बीजेपी विधायक सूर्यप्रकाश खत्री ने कहा कि बेसहारा गायों की समस्या केवल किसी एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली की है। उन्होंने डेयरी माफिया पर नकेल कसने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

गाय पकड़ने वाले एमसीडी कर्मचारियों से मारपीट

इसी क्रम में भाजपा विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा कि जब एमसीडी कर्मचारी बेसहारा गायों को पकड़ने के लिए जाते हैं तो उनके साथ भी मारपीट की जाती है। उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

भाजपा के ही विधायक करनैल सिंह ने गायों को सड़कों पर छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की बात कही। वहीं, वीरेंद्र सिंह कादियान ने भी ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए कानून बनाने की मांग की।

कुलवंत राणा ने अवैध डेयरी संचालकों के खिलाफ गंभीर और पारदर्शी व्यवस्था बनाने की जरूरत बताई।

अवैध पार्किंग और निर्माण पर भी सवाल

राजधानी की ओखला विधानसभा सीट से आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने सदन में अवैध पार्किंग की समस्या का मुद्दा उठाते हुए इस पर संज्ञान लेने की मांग की।

वहीं, भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने ब्रिजपुरी में कथित तौर पर बन रही सात मंजिला इमारत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सड़कों पर इतनी ऊंची इमारतें बनना हादसों को न्योता दे रहा है और अवैध निर्माण पर रोक लगनी चाहिए।

इसी दौरान अमानतुल्लाह खान ने कथित तौर पर टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप विधायक को चेतावनी दी और अपने शब्द वापस लेने को कहा।

बोरवेल की सूची से वसूली का आरोप

भाजपा विधायक अशोक गोयल ने पानी की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने बोरवेल लगा रखे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में बोरवेल को नियमित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए थे। अब कुछ लोग उस सूची का इस्तेमाल कर लोगों को ब्लैकमेल कर जबरन वसूली कर रहे हैं।

वहीं, भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने नजफगढ़ में सफाई व्यवस्था और बिजली की ओवरहेड लाइनों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ये लाइनें जानलेवा साबित हो रही हैं और इन्हें जल्द हटाया जाना चाहिए।

स्पीकर ने एमसीडी से रिपोर्ट लेने की बात कही

बेसहारा पशुओं और अवैध डेयरियों से जुड़े मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि एमसीडी से रिपोर्ट लेकर मामले में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *