शिमला के उत्पाती बंदर बने जानलेवा, हमले से बचते दोमंजिला भवन की छत से गिरी महिला; IGMC के ICU में भर्ती

1838 Shares

हिमाचल प्रदेश के शिमला शहर में बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। लोअर सिमिट्री क्षेत्र में रविवार को बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में एक महिला दोमंजिला भवन से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए आईजीएमसी पहुंचाया गया, जहां आईसीयू में इलाज चल रहा है।

लोगों के अनुसार पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में आवारा कुत्तों के काटने की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। रविवार सुबह एक बच्ची को कुत्तों के काटने की सूचना मिलने के बाद लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग उठाई।

सड़क व छतों पर फेंका जा रहा भोजन
लोगों का कहना है कि कुछ स्थानों पर सड़कों और छतों पर कुत्तों व बंदरों के लिए भोजन फेंका जाता है। इससे बड़ी संख्या में उत्पाती बंदर एकत्रित हो जाते हैं और कई बार लोगों के लिए खतरा बन जाते हैं। स्थानीय निवासियों ने विशेषकर रात के समय छतों और रास्तों में बचा हुआ भोजन न फेंकने की अपील की है।

क्या कहना है पार्षद का

पार्षद ने बताया कि नगर निगम की टीम आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कार्रवाई के लिए तैयार है। प्रभावित बच्ची के इलाज और टीकाकरण से संबंधित दस्तावेज भी निगम को उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से बंदरों तथा आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

दो महिलाओं की हो चुकी है मौत

शिमला में बंदरों के हमले से बचने की कोशिश में पहले भी दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। शिमला के रोड बाजार क्षेत्र में एक महिला पर घर की छत पर बंदरों ने हमला कर दिया था। हमले से घबराई महिला जान बचाने के लिए छत के किनारे की ओर चली गई और अचानक नीचे गिर गई। हादसे में उसकी मौत हो गई थी। उपनगर ढांडा में भी बंदरों के हमले की घटना में एक युवती की जान चली गई थी। घर की छत पर बंदरों ने युवती पर हमला किया था। घबराकर बचने की कोशिश में वह छत से नीचे गिर गई और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *