चंदौली में गल्ला मंडी की केक दुकान में आधी रात भड़की आग, लाखों की संपत्ति जलकर स्वाहा

3.1kViews
1149 Shares

 पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र गल्ला मंडी में शनिवार की मध्यरात्रि एक केक एवं बेकरी की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब दो बजे हुई इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उससे सटे मकान का हिस्सा भी इसकी चपेट में आ गया।

हालांकि दमकल कर्मियों, पुलिस व स्थानीय लोगों की संयुक्त कोशिशों से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जिससे आसपास की अन्य दुकानों तक लपटें नहीं पहुंच सकीं। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

लोगों ने तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। संकरी गली होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया। दुकान संचालक ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

घटना के समय दुकान बंद थी, इसलिए जब तक आग की जानकारी मिली, तब तक लपटें पूरे प्रतिष्ठान में फैल चुकी थीं। आग से रेफ्रिजरेटर, ओवन, केक बनाने की मशीनें, काउंटर, तैयार केक, कच्चा माल तथा अन्य उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। संकरी गली और आग की तीव्रता के बावजूद पुलिस व स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। साथ ही नुकसान का विस्तृत आकलन भी कराया जा रहा है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *